'तेरा करियर खत्म कर दूंगा', अमिताभ बच्चन ने इस फेमस सिंगर को दी ऐसी धमकी, फिर जो हुआ
Amitabh Bachchan To Shankar Mahadevan: राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सिंगर और म्यूजिक कंपोजर शंकर महादेवन ने अब तक कई सुपरहिट गाने दिए हैं जिनमें कजरा रे आज भी सबसे पॉपुलर गानों में से एक है। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने इस गाने से जुड़ा एक मजेदार किस्सा शेयर किया है।
शंकर महादेवन को मिली थी करियर खत्म करने की चेतावनी
शंकर महादेवन ने बताया कि बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने उन्हें मजाक में करियर खत्म करने की चेतावनी दी थी। शंकर महादेवन ने Humans of Bombay के ऑल इंडिया महफिल से बातचीत में कहा कि बिग बी ने 'कजरा रे' गाने को लेकर कितनी तारीफ की थी।

सिंगर ने अमिताभ बच्चन को लेकर कही थी ऐसी बात
शंकर महादेवन ने कहा- मुझे याद है बच्चन सर 'रॉक एंड रोल' की शूटिंग कर रहे थे। जब हम सेट पर पहुंचे थे तो उन्होंने मुझे गले लगा लिया और बोले, क्या गाना बनाया है। वह इतने खुश थे कि उन्होंने मुझे गोद में उठा लिया था। वह बहुत प्यारे इंसान हैं।
'कजरा रे' गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान हुई थी ऐसी घटना
शंकर महादेवन ने आगे बताया कि 'कजरा रे' गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान अमिताभ बच्चन ने मजाकिया अंदाज में उन्हें चेतावनी दी थी। सिंगर ने कहा- मैंने बच्चन सर के लिए 'कजरा रे' का एक रफ वर्जन रिकॉर्ड किया था ताकि वह बाद में अपनी आवाज डब कर सकें। जब मैं उनसे एक इवेंट में मिला तो मैंने कहा- सर कृपया अपने हिस्से डब कर दीजिए, हमें गाना मिक्स करना है।
बिग बी ने कहा था- मैं तेरा करियर खत्म कर दूंगा
शंकर महादेवन ने कहा- इसके बाद अमिताभ बच्चन ने पूछा- कौन सा गाना? मैंने कहा- कजरा रे। तो वह बोले- मैं उसमें क्या डब करूं? मैंने कहा- सर मैंने आपके हिस्से के लिए रफ डब किया है। तब उन्होंने कहा- नहीं ये ऐसे ही रहेगा। तूने अगर उसको हाथ लगाया तो देखना, मैं तेरा करियर खत्म कर दूंगा।
'कजरा रे' गाने ने मचाया था धमाल
-शंकर महादेवन ने बताया कि अमिताभ बच्चन को गाना इतना पसंद आया था कि उन्होंने कहा था- गाने को जैसे है, वैसे ही छोड़ दो। आपको बता दें कि 'बंटी और बबली' (2005) फिल्म का ये सुपरहिट गाना शंकर-एहसान-लॉय की तिकड़ी ने तैयार किया था जबकि इसके बोल गुलजार ने लिखे थे।
-इस सुपरहिट गाने में ऐश्वर्या राय, अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन की तिकड़ी ने धमाकेदार परफॉर्मेंस दी थी। वैभवी मर्चेंट के कोरियोग्राफ किए गए इस गाने में कव्वाली और लोक कजरी का अनोखा मिश्रण देखने को मिला था, जिसने इसे आज भी पार्टी और शादी-ब्याह की पहली पसंद बना दिया है।
हिंदी सिनेमा में क्रांतिकारी संगीत लाए थे शंकर महादेवन
-जानकारी के अनुसार शंकर महादेवन भारतीय संगीत जगत का जाना-पहचाना नाम हैं। वह शंकर-एहसान-लॉय तिकड़ी के हिस्से के रूप में हिंदी सिनेमा में क्रांतिकारी संगीत देने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 'दिल चाहता है', 'कल हो ना हो', 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' जैसे कई यादगार साउंडट्रैक्स दिए हैं।
-संगीत क्षेत्र में शंकर महादेवन के योगदान को देखते हुए उन्हें साल 2023 में बर्मिंघम सिटी यूनिवर्सिटी द्वारा 'मानद डॉक्टरेट' (Honoris Causa) की उपाधि से सम्मानित किया गया।
-'कजरा रे' सिर्फ एक गाना नहीं बल्कि एक युग का म्यूजिकल जादू है जिसने बॉलीवुड में नई ऊर्जा भर दी थी। शंकर महादेवन और अमिताभ बच्चन के बीच का ये मजेदार किस्सा बताता है कि कला के पीछे सिर्फ मेहनत नहीं बल्कि आपसी सम्मान और प्यार भी कितना जरूरी होता है।












Click it and Unblock the Notifications