Drishyam 3 Release Date: अजय देवगन की फिल्म का टीजर हुआ रिलीज, इस दिन आएगी फिल्म
Drishyam 3 Release Date: अजय देवगन अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म 'दृश्यम 3' को लेकर फैंस का इंतज़ार अब खत्म हो गया है। निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर फिल्म की रिलीज़ डेट का ऐलान कर दिया है। घोषणा टीज़र के साथ यह साफ कर दिया गया है कि यह लोकप्रिय फ्रैंचाइजी का आखिरी चैप्टर होगा, जिसमें विजय सालगांवकर की रोमांचक और रहस्यमयी कहानी अपने अंजाम तक पहुंचेगी।

पहले क्यों टला था घोषणा टीजर
'दृश्यम 3' का घोषणा टीजर पहले 2 अक्टूबर 2025 को रिलीज़ होना था, लेकिन हिंदी प्रोडक्शन टीम और मूल मलयालम निर्माताओं के बीच रचनात्मक और संविदात्मक मतभेद सामने आ गए। इस वजह से टीज़र को टालना पड़ा। बाद में अजय देवगन ने खुद पुष्टि की थी कि टीज़र दिसंबर 2025 में रिलीज़ किया जाएगा।
22 दिसंबर को जारी हुआ टीजर
वादे के मुताबिक, निर्माताओं ने 22 दिसंबर 2025 को 'दृश्यम 3' का घोषणा टीज़र रिलीज़ कर दिया। इसके साथ ही यह भी ऐलान किया गया कि फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। टीज़र में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के रूप में नजर आते हैं, जो अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर पहले से ज्यादा निडर और सतर्क दिखते हैं।
विजय सालगांवकर का बदला हुआ अंदाज़
टीजर में यह साफ झलकता है कि विजय अपनी समस्याओं का हल हिंसा से नहीं, बल्कि अपनी समझदारी, मानसिक मजबूती और परिवार के प्रति अटूट प्रेम से निकालता है। उनके संवाद यह दर्शाते हैं कि दुनिया उन्हें चाहे किसी भी नाम से पुकारे, उनके लिए सबसे बड़ा सच उनका परिवार ही है। टीजर के साथ पोस्ट किए गए कैप्शन में लिखा गया, "#Drishyam3 on #DrishyamDay आखिरी हिस्सा बाकी है। In cinemas on 2nd October, 2026।" इस पर फैंस की प्रतिक्रियाएं भी तेज़ी से सामने आईं। किसी ने इसे "रोंगटे खड़े कर देने वाला" बताया, तो किसी ने इसे अजय देवगन के करियर की अगली ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर करार दिया।
कहानी, स्टारकास्ट और मेकिंग
'दृश्यम 3', 'दृश्यम 2' के आगे की कहानी को आगे बढ़ाएगी, जहां पुराने हत्या मामले की नई जांच विजय और उसके परिवार के लिए नई मुश्किलें खड़ी करेगी। फिल्म में अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर समेत कई अहम कलाकार दोबारा नजर आएंगे। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बन रही यह फिल्म बड़े पैमाने और गहरे सस्पेंस के साथ पारिवारिक थ्रिलर को एक नया मुकाम देने का वादा करती है।












Click it and Unblock the Notifications