'सैयारा' के बाद अहान पांडे की किस्मत चमकी, इस ब्लॉकबस्टर डायरेक्टर के साथ मिलाया हाथ, हीरोइन होगी नई!
डेब्यू फिल्म 'सैयारा' की शानदार सफलता के बाद अभिनेता अहान पांडे अब एक और बड़े प्रोजेक्ट में नजर आने वाले हैं। यशराज फिल्म्स ने उन्हें अपनी नई एक्शन-रोमांटिक फिल्म में लीड रोल के लिए चुना है। यह प्रोजेक्ट अहान के करियर का सबसे महत्वाकांक्षी कदम माना जा रहा है। फिल्म में उनके साथ शरवरी वाघ मुख्य अभिनेत्री के रूप में होंगी, जो हाल के वर्षों में उभरती हुई कलाकारों में से एक हैं।

ऐश्वर्य ठाकरे का खलनायक अवतार
फिल्म में सबसे दिलचस्प भूमिका निभाने जा रहे हैं ऐश्वर्य ठाकरे, जो बालासाहेब ठाकरे के पोते हैं। ऐश्वर्य ने हाल ही में अनुराग कश्यप की फिल्म 'निशांची' से अभिनय की दुनिया में प्रवेश किया था। पहली ही फिल्म में उनकी दमदार परफॉर्मेंस ने दर्शकों और आलोचकों दोनों की सराहना प्राप्त की। अब यशराज फिल्म्स की इस नई फिल्म में वह खलनायक की भूमिका निभाते दिखेंगे। यह रोल उनके करियर के लिए एक बड़ा मोड़ साबित हो सकता है।
'सैयारा' और 'निशांची' की सफलता ने बढ़ाई उम्मीदें
अहान पांडे की 'सैयारा' रिलीज़ के साथ ही सुपरहिट बन गई और इस साल की सर्वाधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों में शामिल हो गई। वहीं, ऐश्वर्य ठाकरे की 'निशांची' दो भागों में रिलीज हुई-पहला सिनेमाघरों में और दूसरा सीधे ओटीटी पर। दोनों भागों में ऐश्वर्य की अदाकारी को युवा और परिपक्व दोनों दर्शकों ने काफी पसंद किया।इन सफलताओं ने दोनों अभिनेताओं को इंडस्ट्री का उभरता सितारा बना दिया है, जिस कारण यशराज की नई फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
अली अब्बास जफर के निर्देशन में बनेगी बड़ी फिल्म
इस फिल्म का निर्देशन करने जा रहे हैं अली अब्बास जफर, जो पहले 'सुल्तान', 'टाइगर जिंदा है' और 'ब्लडी डैडी' जैसी हाई-ऑक्टेन फिल्मों का सफल निर्देशन कर चुके हैं। उनकी मौजूदगी इस प्रोजेक्ट को और बड़ा और प्रभावशाली बनाती है। उम्मीद की जा रही है कि फिल्म रोमांस, एक्शन और शानदार सिनेमाई अनुभव का बेहतरीन मिश्रण होगी।
स्क्रिप्ट पर काम जारी, 2026 में शुरू होगी शूटिंग
फिल्म की स्क्रिप्ट फिलहाल अभी डेवलेपिंग स्टेज में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी शूटिंग मार्च 2026 तक शुरू होने की संभावना है। यशराज फिल्म्स इस प्रोजेक्ट को बड़े बजट और नए चेहरों के साथ लॉन्च करने की तैयारी में है, जिससे यह फिल्म आने वाले समय में एक चर्चित ब्लॉकबस्टर बन सकती है।












Click it and Unblock the Notifications