'कोई इस अनपढ़ को समझाओ', पाकिस्तान के पूर्व मंत्री पर भड़के अदनान सामी, धर्म बदलने को लेकर कही ऐसी बात
Adnan Sami: पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए आदेश जारी किया है कि तय समय सीमा के अंदर पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़कर जाना होगा। वहीं भारत में आए पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा को तत्काल प्रभाव से रद्द करने के लिए भी कहा गया है।
मुस्लिम लोगों की नागरिकता को लेकर हो रहा बवाल
इस आदेश के बाद से भारत में रह रहे मुस्लिम लोगों की नागरिकता को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं। इस दौरान सोशल मीडिया यूजर्स ने फेमस सिंगर अदनान सामी की नागरिकता पर भी सवाल उठाए हैं, जिससे वह बौखला गए हैं।

सिंगर अदनान सामी की राष्ट्रीयता पर सवाल
आपको बता दें कि सिंगर अदनान सामी ने पहलगाम हमले पर चल रही खबरों के बीच पाकिस्तान के पूर्व सूचना एवं प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी की आलोचना की है, क्योंकि उन्होंने सिंगर की राष्ट्रीयता पर सवाल उठाया था।
फवाद चौधरी ने अदनान सामी को लेकर कही ऐसी बात
-जानकारी के अनुसार एक्स हैंडल पर एक भारतीय पत्रकार ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने के लिए कहने के केंद्र के फैसले के बारे में लिखा था। इसी पर फवाद चौधरी ने अदनान सामी की नागरिकता को लेकर सवाल खड़ा कर दिया था।
-फवाद चौधरी ने लिखा था- अदनान सामी के बारे में क्या? वहीं सिंगर ने इस सवाल का जवाब देते हुए लिखा है- इस अनपढ़-बेवकूफ को कौन बताएगा। आपको बता दें कि अदनान सामी को दिसंबर 2015 में ही भारतीय नागरिकता मिल गई थी। सिंगर का जन्म इंग्लैंड में पाकिस्तानी माता-पिता के यहां हुआ था और उनकी परवरिश इंग्लैंड में ही हुई है।
'अदनान सामी को धर्म बदल लेना चाहिए'
-जानकारी के अनुसार इससे पहले साल 2017 में भी अदनान सामी ने पाकिस्तान के सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा उन्हें धमकाए जाने के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था- मुझे पाकिस्तानी लोगों से भद्दे कमेंट्स मिलते है। वहां के लोग मुझसे कहते हैं कि अगर आप भारतीय बन गए हैं, तो अपना धर्म बदल लें और स्वामी या ऐसा कुछ बन जाएं।
-इस पर अदनान सामी ने कहा था- वो कौन होते हैं मुझसे ये कहने वाले कि मुझे अपना धर्म बदल लेना चाहिए? भारत में पाकिस्तान से ज्यादा मुसलमान हैं। पाकिस्तान इस्लाम का मशालवाहक नहीं है और अगर मैं अपना देश बदलता हूं, तो इसका मतलब ये नहीं है कि मुझे अपना धर्म भी बदलना होगा।
पहलगाम में हुआ था आतंकी हमला
गत 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस आतंकी हमले के बाद से लोग सहम गए हैं। वहीं आम लोगों से लेकर सेलेब्स तक इस हमले की कड़ी निंदा कर रहे हैं। साथ ही भारत में पाकिस्तानी एक्टर्स को बैन भी कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications