70 की उम्र में एक्ट्रेस रजिता कोचर का हुआ निधन, भतीजी ने शेयर किया उनका आखिरी पल
Rajeeta Kochhar Passed Away: भतीजी नुपूर कमपानी ने बताया कि एक्ट्रेस रजिता कोचर के पेट में दर्द ओर सांस में तकलीफ होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।

Rajeeta Kochhar Passed Away: बॉलीवुड इंडस्ट्री की फेमस एक्ट्रेस रजिता कोचर का 70 साल की उम्र में निधन हो गया है। एक्ट्रेस रजिता कोचर ने कई फिल्मों और टीवी शोज में काम किया है। इसमें 'तंत्र', 'कवच- काली शक्तियों से', 'कहानी घर घर की' जैसे सीरियल शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो रजिता कोचर के निधन की वजह उनकी दोनों किडनी का फेल होना बताया जा रहा है। खबर है कि गत 23 दिसंबर को मुंबई में रजिता ने आखिरी सांस ली थी। रजिता कोचर के निधन की जानकारी उनकी भतीजी नुपूर ने लोगों को दी है।

23 दिसंबर की रात को हो गया निधन
रजिता कोचर की भतीजी नुपूर कमपानी ने ईटाइम्स से बात करते हुए बताया- उन्हें पेट में दर्द ओर सांस में तकलीफ होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। बाद में हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद उनका निधन हो गया। नुपूर ने आगे कहा- उन्हें सितंबर, 2021 में ब्रेन स्ट्रोक आया था। इस वजह से वह पैरालाइसिस से जूझ रही थीं। हालांकि वह ठीक हो रही थीं लेकिन गत 20 दिसंबर को उन्होंने कहा कि उनको सांस लेने में दिक्कत हो रही है और पेट में भी काफी दर्द हो रहा है।
भतीजी नुपूर ने शेयर किया उनका आखिरी पल
नुपूर ने आगे कहा- उनकी बगिड़ती हालत देखकर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनकी हालत 23 दिसंबर को काफी खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें फिर वेंटिलेटर पर रखा गया था। इसके बाद उनकी हालत ज्यादा बिगड़ी और उनका निधन हो गया। भतीजी नुपुर ने एक्ट्रेस रजिता कोचर से हुई अपनी बातचीत को याद किया। उन्होंने बताया- जब मेरी 23 दिसंबर की शाम को उनसे मुलाकात हुई थी तो उन्होंने मेरा हाथ पकड़ा और मुझे सब चीजों के लिए शुक्रिया कहा था।
लोग उन्हें मां कहकर बुलाते थे
नुपूर ने आगे कहा- मैंने उनसे कहा कि उन्हें मेरे लिए जीना होगा तो उन्होंने मुझे अंगूठा दिखाया और हामी भरी। यही मेरी उनसे आखिरी बात हुई थी। मुझे ऐसा लगता है कि उनको पता चल गया था कि अब वह इस दुनिया को अलविदा कहने वाली हैं। नुपूर ने कहा कि एक्ट्रेस उनके लिए मां के जैसी थीं। उनको को-एक्टर्स भी मां कहकर ही बुलाया करते थे।

ब्रेन स्ट्रोक के बाद काम छोड़ चुकी थीं एक्ट्रेस
नुपूर बताती हैं- भले ही वह मेरी बायोलॉजिकल मां न हों, लेकिन वह मेरे लिए मां से बढ़कर थीं। उन्होंने मुझे पाला और मैंने उसकी देखभाल की थी। वह एक ऐसी शख्सियत थीं, जिन्होंने कभी किसी को परेशान नहीं किया था। वह अपनी फिल्मों, नाटकों और अपने सह-कलाकारों से बहुत प्यार करती थीं। यही उनकी जिंदगी थी। नुपूर ने कहा- पिछले सितंबर में ब्रेन स्ट्रोक से पीड़ित होने के बाद से उन्होंने काम करना बंद कर दिया था।
लोगों को पॉजिटिव रहना सिखाती थीं
नुपूर ने बताया- वह निस्वार्थ, जीवन से भरपूर और अपने काम के प्रति काफी जुनूनी थीं। वह सबसे बहुत प्यार करती थीं और बहुत शांत स्वभाव की थीं। उन्होंने कभी किसी के बारे में न बुरा बोला न बुरा सोचा। वह हमेशा पॉजिटिव रहती थीं। आपको बता दें कि एक्ट्रेस रजिता कोचर ने 'पिया का घर' और 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' जैसी फिल्मों में काम किया था। उनके पति राजेश कोचर और एक बेटी अमेरिका में रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications