असरानी जैसी मौत चाहता है ये दिग्गज एक्टर, बोले- मैं दुनिया में बोझ बनकर नहीं जीना चाहता
दिवाली के दिन हिंदी सिनेमा का शानदार सितारा दुनिया को सदा के लिए अलविदा कर गया। 'अंग्रेजों के जमाने के जेलर...', डॉयलाग से लोकप्रियता हासिल करने वाले दिग्गज एक्टर असरानी की मौत ने फिल्म इंडस्ट्री को गहरा सदमा लगा। 20 अक्टूबर को दिवाली के दिन अपने फैंस को शुभकामनाएं देने के बाद असरानी का निधन हो गया। जिसके बाद असरानी की अंतिम इच्छा पूरी करते हुए परिवार ने उनका अंतिम संस्कार उसी दिन सादगी से कर दिया।
असरानी की मौत के बाद बॉलीवुड एक्टर अन्नू कपूर ने अपने लिए भी असरानी जैसी मौत की कामना करते हए अपने अंतिम संस्कार को लेकर अपनी इच्छा व्यक्त की है। अन्नू कपूर का ये वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो रहा है।

हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के वरिष्ठ अभिनेता और कॉमेडियन असरानी के निधन के बाद अन्नू कपूर ने कहा, मेरा अंतिम संस्कार अभिनेता असरानी की तरह ही किया जाए, जिसमें कोई सार्वजनिक प्रदर्शन न हो। अन्नू कपूर कहा, "यदि उनका निधन किसी राष्ट्रीय त्योहार या किसी बड़ी राष्ट्रीय घटना के दिन होता है, तो उनका अंतिम संस्कार गुप्त रूप से संपन्न किया जाए।
"दुनिया में बोझ बनकर नहीं जीना चाहता"
अन्नू कपूर ने बताया कि असरानी की इस इच्छा से उन्हें भी प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा, "जब मेरा इस दुनिया नामक होटल से चेक आउट करने का समय आए और वो तिथि और वो समय किसी राष्ट्रीय पर्व से जुड़ा हो... 15 अगस्त या 26 जनवरी से जुड़ा हो... या किसी त्योहार से जुड़ा हो... दिवाली से जुड़ा हो... होली से जुड़ा हो... ईद से जुड़ा हो... तो मेरा भी अंतिम संस्कार गुप्त रूप से किया जाए। मैं किसी को परेशान नहीं करना चाहता हूं... और मैं इस दुनिया में बोझ बनकर नहीं जीना चाहता।"
क्या थी एक्टर असरानी की आखिरी इच्छा?
गौरतलब है कि असरानी की आखिरी इच्छा थी कि उनकी अंतिम विदाई सादगी और शांति से हो, और उनके परिवार ने इसी के अनुरूप उनके अंतिम संस्कार को निजी रखा। असरानी ने अपनी पत्नी मंजू से कहा था कि उनकी मृत्यु के बाद किसी भी तरह की सार्वजनिक हलचल या मीडिया की भीड़ न हो। अन्नू कपूर ने एक एजेंसी से बात करते हुए असरानी की इस इच्छा का जिक्र किया।
कैसे हुई एक्टर असरानी की मौत?
गोवर्धन असरानी का निधन 20 अक्टूबर की शाम को 84 वर्ष की आयु में हुआ था। उन्हें सेहत संबंधी दिक्कतों के कारण मुंबई के जुहू स्थित आरोग्य निधि अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके फेफड़ों में पानी भर जाने से उनकी हालत बिगड़ गई थी।
असरानी के परिवार ने पूरी की अंतिम इच्छा
असरानी की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए उनका अंतिम संस्कार अत्यंत निजी रखा गया और उनके निधन की खबर भी अंतिम क्रिया के बाद ही सार्वजनिक की गई। असरानी का अंतिम संस्कार सांताक्रूज़ श्मशान घाट में एक शांत समारोह में किया गया, जिसमें केवल उनके परिवार के सदस्य और करीबी ही शामिल हुए। दिवाली की रात यह दुखद खबर आने से उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी।












Click it and Unblock the Notifications