कपिल शर्मा ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी का किया बहुत-बहुत धन्यवाद, क्या है मामला
मुंबई, 22 मार्च: एक्टर, कॉमेडियन कपिल शर्मा ने 29 पुरातन मूर्तियां ऑस्ट्रेलिया से भारत वापस लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया है। अक्सर अपने ट्वीट को लेकर चर्चा में आने वाले कपिल शर्मा ने मंगलवार दोपहर किए ट्वीट में पीएम मोदी को बधाई दी है। कपिल शर्मा के अलावा करण जौहर और कई दूसरे लोगों ने इस काम के लिए भारत सरकार की सराहना की है।

क्या बोले कपिल शर्मा
कपिल शर्मा ने ट्विटर पर एएनआई के एक ट्वीट को रीट्वीट किया है। इस ट्वीट में पीएम मोदी आस्ट्रेलिया से लाई चीजों का मुआयना कर रहे हैं। अपने पोस्ट में कपिल ने लिखा- भारत देश के अनमोल खजाने की अमूल्य निधि के फिर से स्वदेश लौटने की बहुत बहुत बधाई और अनेक शुभकामनाएं। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार। जय भारत.. हर हर महादेव।

दूसरी हस्तियों ने भी किए हैं पोस्ट
कपिल शर्मा के अलावा फिल्म निर्माता ने भी प्रधानमंत्री के इस वीडियो को शेयर करते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा- ये खबर तो हर एक भारतीय का सीना गर्व से भर देगी। ऑस्ट्रेलिया से 29 पुरातात्विक कलाकृतियां भारत वापस लाई गई हैं। कई दूसरे सोशल यूजर्स ने भी इस खबर को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

ऑस्ट्रेलिया ने दी हैं प्राचीन मूर्तियां
ऑस्ट्रेलियाई ने भारत को 29 प्राचीन कलाकृतियों लौटाई हैं। इनमें भगवान शिव, भगवान विष्णु और जैन परंपरा आदि से जुड़े 29 बहुमूल्य पुरातत्व अवशेष शामिल हैं। ये पुरावशेष अलग-अलग समय अवधि के हैं, जिसमें से कुछ तो 9-10 शताब्दी ईस्वी पूर्व के हैं। ये पुरावशेष छह श्रेणियों, शिव और उनके शिष्यों, शक्ति की पूजा, भगवान विष्णु और उनके रूप, जैन परंपरा, चित्र और सजावटी वस्तुओं से नाता रखते हैं। ये बलुआ पत्थर, संगमरमर, कांस्य, पीतल से बनी मूर्तियां और कागज पर बनी हैं। ये प्राचीन वस्तुएं राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की हैं।












Click it and Unblock the Notifications