अक्षय कुमार के बाद अब सलमान खान से बॉक्स ऑफिस पर भिड़ेंगे आमिर खान, 'लाहौर 1947' की रिलीज डेट आई सामने
2026 का अगस्त महीना बॉलीवुड के लिए बेहद खास होने वाला है, क्योंकि स्वतंत्रता दिवस के आसपास दो बड़ी और बहुप्रतीक्षित फिल्में एक-दूसरे से टकराने जा रही हैं। एक तरफ सलमान खान की देशभक्ति से भरपूर फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' है, तो दूसरी ओर आमिर खान प्रोडक्शंस की पीरियड ड्रामा 'लाहौर 1947'। दोनों फिल्मों की रिलीज डेट सामने आते ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

काफी समय से सलमान खान की 'बैटल ऑफ गलवान' की रिलीज को लेकर असमंजस बना हुआ था। कभी इसके टलने की खबरें आईं, तो कभी नई तारीख को लेकर अटकलें लगीं। अब तस्वीर साफ हो गई है। यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स का मानना है कि स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले रिलीज करना इस फिल्म के लिए फायदेमंद साबित होगा, क्योंकि देशभक्ति के माहौल में दर्शकों का रुझान इस तरह की फिल्मों की ओर ज्यादा रहता है।
वहीं दूसरी तरफ, आमिर खान प्रोडक्शंस ने अपनी फिल्म 'लाहौर 1947' की रिलीज डेट भी घोषित कर दी है। यह फिल्म 13 अगस्त 2026, यानी 'बैटल ऑफ गलवान' से ठीक एक दिन पहले रिलीज होगी। इस फिल्म में सनी देओल मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा और करण देओल भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। यह फिल्म भारत-पाक बंटवारे के दौर की कहानी पर आधारित बताई जा रही है। आमिर खान ने फिल्म को लेकर कहा है कि यह धर्मेंद्र जी की पसंदीदा स्क्रिप्ट्स में से एक रही है और उन्हें खुशी है कि यह फिल्म अब दर्शकों तक पहुंचेगी। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फिल्मों की सीधी भिड़ंत तय मानी जा रही है। बता दें, आमिर खान की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अक्षय कुमार के साथ भी क्लैश हो चुकी है। हालांकि उनकी फिल्म बुरी तरह पिट गई थी। सलमान और आमिर दोनों की फिल्में देशभक्ति पर बेस्ड हैं, देखना है दर्शक किसे पसंद करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications