Oscar 2023 Winning Song: 'नाटू नाटू' में किए गए 97 डांस स्टेप्स, जानें कोरियोग्राफर प्रेम रक्षित के बारे में
RRR Naatu Naatu Song Wins Oscar 2023: 'नाटू नाटू' गाने की शूटिंग यूक्रेन में हुई थी क्योंकि तब भारत में कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन लगा हुआ था और काफी सख्ती का पालन किया जा रहा था।

RRR Naatu Naatu Song Wins Oscar 2023: साउथ फिल्मों के फेमस डायरेक्टर एसएस राजामौली की फिल्म 'आरआरआर' रिलीज होने के बाद से ही कई तरह के रिकॉर्ड्स बनाती नजर आ रही है। इस फिल्म न सिर्फ बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे बल्कि अब इसने एक बड़ा इतिहास भी रच दिया है। इस फिल्म के गाने 'नाटू नाटू' ने ऑस्कर अवॉर्ड 2023 में बेस्ट ऑरिजिनल सॉन्ग का खिताब अपने नाम कर लिया है। आपको बता दें कि जैसे ही इस अवॉर्ड के लिए फिल्म 'आरआरआर' के 'नाटू नाटू' गाने का नाम लिया गया तो वहां का माहौल इस गाने की आवाज से गूंज उठा था। ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी में मौजूद सभी लोगों ने जैसे ही नाटू नाटू के जीत के बारे में सुना तो जमकर तालियां बजने लगीं। वहीं सेरेमनी में मौजूद फिल्म के डायरेक्टर एसएसराजामौली, एक्टर रामचरण और जूनियर एनटीआर खुशी से झूम उठे थे। आपको बता दें कि इस गाने के कोरियोग्राफर प्रेम रक्षित के लिए भी ये गौरव का पल था। इस गाने को ऑस्कर तक पहुंचाने का क्रेडिट कोरियोग्राफर प्रेम रक्षित को दिया जा रहा है।
प्रेम रक्षित ने की थी धमाकेदार कोरियोग्राफी
जानकारी के अनुसार प्रेम रक्षित ने ही फिल्म 'आरआरआर' के गाने 'नाटू नाटू' धमाकेदार डांस स्टेप्स कोरियोग्राफ किए थे। जब ये गाना रिलीज हुआ था तो इस डांस नंबर को देखकर लोगों के होश उड़ गए थे। इस गाने को जिसने भी देखा वह इस पर झूमने लगा था और इसके हुकस्टेप्स को कॉपी करने लगा था। ये गाना रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा था। आम लोगों से लेकर सेलेब्स तक ने इस गाने पर अपना अपना वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया था।

यूक्रेन में हुई थी 'नाटू नाटू' गाने की शूटिंग
आपको बता दें कि 'नाटू नाटू' गाने की शूटिंग यूक्रेन में हुई थी क्योंकि तब भारत में कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन लगा हुआ था और काफी सख्ती का पालन किया जा रहा था। जिस समय ये गाना शूट किया गया था तब रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध चल रहा था। 'नाटू नाटू' गाने के लिए साउथ के फेमस एक्टर रामचरण और जूनियर एनटीआर ने इस गाने के लिए एक महीने तक रिहर्सल की थी। हालांकि इस गाने को शूट करने में सिर्फ 14 दिन लगे थे।

एक महीने तक 97 डांस मूवमेंट्स पर हुआ था काम
इस गाने में जूनियर एनटीआर और रामचरण की फूट टैपिंग परफॉर्मेंस ने हर किसी को हैरान कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस गाने के हुकस्टेप के लिए 80 तरह के वेरिएशन तैयार किए गए थे। वहीं रामचरण और जूनियर एनटीआर ने इसके लिए करीब 18 रीटेक दिए थे। 'नाटू नाटू' गाने के कोरियोग्राफर प्रेम रक्षित ने 'सिनेजोश' को दिए इंटरव्यू में बताया था कि इस गाने पर उन्होंने एक महीने तक 97 डांस मूवमेंट्स पर काम किया था। राम चरण और जूनियर एनटीआर के डांस स्टेप्स सिंक हो रहे हैं या नहीं, ये देखने के लिए एसएस राजामौली हर फ्रेम को फ्रीज करते थे।
जूनियर एनटीआर और रामचरण ने किया बेहतरीन डांस
प्रेम रक्षित ने इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म के डायरेक्टर एसएस राजामौली पहले इस गाने के बैकग्राउंड में सिर्फ 100 डांसर्स ही चाहते थे लेकिन बाद में उन्होंने अपना इरादा बदल लिया था। गाने की शूटिंग के दौरान उन्हें समझ में आ गया था कि जूनियर एनटीआर और रामचरण बहुत ही बढ़िया डांसर्स हैं। दोनों ने इस गाने में जमकर डांस किया है और उनसे अच्छा इसे कोई नहीं कर सकता था।
2002 से प्रेम रक्षित ने शुरू किया था अपना करियर
प्रेम रक्षित को अपने करियर के शुरुआत में एक फिल्म में बैकग्राउंड डांसर्स में शामिल होने का काम मिला था। तब प्रेम रक्षित वापस लौट आए थे और साल 2002 में उन्होंने एक डांस कोरियोग्राफर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। आज वह साउथ इंडस्ट्री में एक सफल कोरियोग्राफर हैं।












Click it and Unblock the Notifications