साउथ में इन 5 सुपरहिट फिल्मों ने की जमकर कमाई, बॉलीवुड में बनी रीमेक और हो गया ऐसा हाल
सलमान खान की 'वॉन्टेड' से लेकर अजय देवगन की सुपरहिट फिल्म 'दृश्यम' और 'दृश्यम 2' तक ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की है। लेकिन कुछ हिंदी रीमेक बुरी तरह से फ्लॉप हो गए हैं।

Superhit South Movies Remake Flop In Bollywood: बॉलीवुड में पिछले कुछ समय से साउथ की सुपरहिट फिल्मों का रीमेक बनाया जा रहा है। साउथ इंडस्ट्री में तो इन फिल्मों में जमकर धूम मचाई थी लेकिन हिंदी रीमेक फिल्में दर्शकों पर कोई जादू नहीं चला पाई हैं। ये फिल्में दर्शकों को इंप्रेस करने में असफल रही हैं। आपको बता दें कि कई हिंदी रीमेक फिल्मों में तो बड़े बड़े स्टार्स ने काम किया है लेकिन ये दर्शकों के दिल में कोई छाप नहीं छोड़ सकीं। हालांकि बॉलीवुड में दक्षिण भारतीय फिल्मों के रीमेक का चलन काफी पुराना है। सलमान खान की 'वॉन्टेड' से लेकर अजय देवगन की सुपरहिट फिल्म 'दृश्यम' और 'दृश्यम 2' तक ने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की है। लेकिन कुछ हिंदी रीमेक ऐसे भी रहे हैं जो बुरी तरह से फ्लॉप हो गए हैं। आइए आपको बताते हैं ऐसी ही 5 बॉलीवुड फिल्मों के बारे में जो कि साउथ मूवीज की हिंदी रीमेक थीं लेकिन बुरी तरह से फ्लॉप हो गईं।

जर्सी
बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर की फिल्म 'जर्सी' दर्शकों के दिलों पर कोई जादू नहीं चला पाई। इससे पहले शाहिद कपूर ने साउथ की सुपरहिट फिल्म रह चुकी 'अर्जुन रेड्डी' के हिंदी रीमेक 'कबीर सिंह' में काम किया था। फिल्म 'कबीर सिंह' की सफलता को देखने के बाद ही शाहिद कपूर ने एक बार फिर तेलुगू फिल्म की हिंदी रीमेक चुनी, लेकिन फिल्म 'जर्सी' बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो करीब 70 करोड़ के बजट में बनी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर केवल 27.9 करोड़ रुपए का ही कारोबार कर पाई थी। तेलुगू फिल्म 'जर्सी' 2019 में रिलीज हुई थी जिसमें नानी और श्रद्धा श्रीनाथ ने काम किया था।

शहजादा
कार्तिक आर्यन और कृति सेनन अभिनीत फिल्म 'शहजादा' बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से पिट गई थी। ये फिल्म दर्शकों को बिल्कुल भी इंप्रेस नहीं कर पाई जबिक तेलुगू में इस फिल्म ने कमाल कर दिया था। फिल्म 'शहजादा' साउथ के फेमस एक्टर अल्लू अर्जुन की सुपरहिट मूवी 'अला वैकुंठपुरामुलु' की हिंदी रीमेक है। कार्तिक आर्यन की 'शहजादा' 75 करोड़ रुपए के बजट में बनी थी जिसने केवल 47.20 करोड़ रुपए की ही कमाई की है।

विक्रम-वेधा
साल 2017 में 'विक्रम-वेधा' नाम के साथ ही रिलीज हुई तमिल फिल्म ने साउथ के बॉक्स ऑफिस में कमाल कर दिया था। तमिल फिल्म में आर माधवन और विजय सेतुपति नजर आए थे। वहीं इसके हिंदी रीमेक का नाम भी 'विक्रम-वेधा' रखा गया जिसमें ऋतिक रोशन और सैफ अली खान ने साथ में काम किया था। लोग इस फिल्म का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे थे लेकिन जैसे ही ये सिनेमाघरों में रिलीज हुई इसे लोगों से कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिला। 175 करोड़ रुपये के बजट में बनी ये फिल्म केवल 127 करोड़ रुपए ही कमा पाई।

निकम्मा
साउथ के फेमस एक्टर नानी और एक्ट्रेस साईं पल्लवी की तेलुगू फिल्म 'मिडिल-क्लास अब्बाई' की हिंदी रीमेक निकम्मा दर्शकों को इंप्रेस करने में असफल रही। वहीं इस तेलुगू फिल्म ने लोगों का दिल जीत लिया था। हिंदी फिल्म 'निकम्मा' में शिल्पा शेट्टी भी नजर आई थीं लेकिन ये फिल्म बुरी तरह से फ्लॉप हो गई। 22 करोड़ के बजट में बनी फिल्म 'निकम्मा' ने बॉक्स ऑफिस पर केवल 1.77 करोड़ रुपए की ही कमाई की थी।

सेल्फी
इमरान हाशमी और अक्षय कुमार की फिल्म 'सेल्फी' का प्रमोशन तो बहुत जोर-शोर से किया गया लेकिन ये मूवी दर्शकों का दिल जीतने में असफल रही। राज मेहता के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'सेल्फी' मलयालम मूवी 'ड्राइविंग लाइसेंस' का हिंदी रीमेक है। करीब 110 करोड़ रुपए के बजट में बनी ये फिल्म अभी तक बॉक्स ऑफिस पर केवल 23 करोड़ रुपए ही कमा पाई है।










Click it and Unblock the Notifications