धनबादः ईद मनाकर जा रहे थे बंगाल तभी कार 40 फीट नीचे नदी में गिरी, 5 लोगों की मौके पर मौत
धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले के गोविंदपुर थानाक्षेत्र के बरवा में मंगलवार की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक कार हादसे में सवार 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक साल की बच्ची और महिला भी शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कार में सवार सभी लोग बिहार के गया जिले से धनबाद के रास्ते पश्चिम बंगाल जा रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे खुदिया नदी में गिर गई। भीषण सड़क हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार सहित शवों को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस के अनुसार कार तेज रफ्तार से कोलकाता की तरफ जा रही थी। इस दौरान अनियंत्रित होकर कार पहले पुल के डिवाइडर से टकरा गई, फिर करीब 40 फीट नीचे नदी में गिर गई। नदी में कार के दरवाजे का लॉक फंस गया। दरवाजा नहीं खुलने के चलते पांच सवारों की दम घुटने से मौत हो गई। नदी में कार गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जुटे और इसकी सूचना गोविंदपुर थाने को दी।
पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से नदी से कार को निकाला और कार से शवों को निकालकर पीएमसीएच धनबाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों की शिनाख्त कोलकाता बड़ाबाजार निवासी मो दानिश नवाज, उनकी पत्नी अमरीन नवाज, दस माह की बेटी अनिबिया नवाज, साला मो. अखलाक अहमद और कैब चालक के रूप में हुई। सभी लोग लॉकडाउन में गया में फंस गए थे। लॉकडाउन में रियायत मिलने के बाद सोमवार को ईद मनाकर कोलकाता लौट रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन गया से धनबाद के लिए निकल गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications