धनबाद में नदी किनारे गिरी बेकाबू कार, हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत
धनबाद में सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत
धनबाद, 23 नवंबर: दर्दनाक खबर झारखंड के धनबाद जिले से सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पुल से 100 फीट दूर नदी किनारे जा गिरी। इस हादसे में एक परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो महिलाएं और एक बच्ची शामिल हैं। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी शवों को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

ये हादसा धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के हिंद होटल के पास हुआ है। प्राप्त समाचार के मुताबिक, जीटी रोड (एनएच-2) पर मंगलवार सुबह एक कार कौआबांध पुलिया के समीप अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। इस हादसे में कार में सवार 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इनमें दो की पहचान हो गई है। मृतकों में से एक का नाम वसीम अकरम और दूसरे का नाम शकील अख्तर है। आधार कार्ड के आधार पर दोनों की पहचान की गई। पुलिस ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को इसकी सूचना दे दी है।
सभी मृतक गाटोटांड, रामगढ़ निवासी बताए जा रहे हैं। सभी स्विफ्ट डिजायर कार (JH-02 AM 0996) से आसनसोल जा रहे थे। पुलिस का मानना है कि तेज गति से कार चलाने के कारण हादसा हुआ। जिस पुलिया के पास हादसा हुआ वहां की रेलिंग को टच किए बगैर कार उछल कर पालाडीह जोड़िया (छोटी नदी) को पार करते हुए दूसरी तरफ दीवार से टकरा गई। सड़क से 100 मीटर से ज्यादा नीचे गिरने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। इससे मालूम पड़ता है कि कार की गति 150 किमी के आसपास होगी।
हादसे के समय घटनास्थल के आसपास कुछ लोग शौच के लिए गए थे। उन्होंने तुंरत गोविंदपुर थाना की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि रामगढ़ में मृतकों के स्वजनों को सूचना दे दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications