Demonetisation anniversary: नोटबंदी पर भिड़े पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और वित्तमंत्री अरुण जेटली
Recommended Video

नई दिल्लीः विपक्ष ने नोटबंदी की सालगिरह पर काला दिवस मनाने की घोषणा की है। मंगलवार को विपक्ष और सरकार के बीच जुबानी जंग देखने को मिली। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने सरकार पर निशाना साधा तो वहीं वित्तमंत्री अरुण जेटली ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को इतिहास के पन्ने देखने की नसीहत दी। बता दें, मनमोहन सिंह गुजरात में लघु व मध्यम व्यवसायियों से रूबरू हो रहे थे।

मनमोहन सिंह ने नोटबंदी को संगठित लूट
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नोटबंदी को संगठित लूट बताया था। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री पर वार करते हुए वित्तमंत्री ने कहा कि नोटबंदी का फैसला एक नैतिक कदम और अभियान था। जो नैतिक रूप से सही होता है, वही सही राजनीति भी होती है। नोटबंदी का फैसला ठीक था और सरकार इसके लक्ष्य व परिणाम से संतुष्ट है।

जेटली बोले- लूट तो कांग्रेस काल में होती थी
कांग्रेस पर वार करते हुए वित्तमंत्री अरुण जेटली ने कहा कि लूट तो कांग्रेस काल में हुआ करती थी। उन्होंने इसी क्रम में 2जी, कोल और कॉमनवेल्थ घोटालों का जिक्र लिया। गांधी परिवार पर हमला करते हुए जेटली ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य परिवार की सेवा होता है तो वहीं हमारा लक्ष्य देश की सेवा करना है।

नोटबंदी के दिन को मनमोहन सिंह ने काला दिन कहा
गुजरात में बोलते हुए मनमोहन सिंह ने कहा था कि नोटबंदी और जीएसटी देश की अर्थव्यवस्था के लिए घातक हैं। इससे देश का भला नहीं होने वाला है। इससे छोटे व्यापारियों की कमर टूट गई है। नोटबंदी के दिन को मनमोहन सिंह ने काला दिन कहा।

दिल्ली में बोल रहे थे वित्तमंत्री
वहीं वित्तमंत्री ने दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए 8 नवंबर के दिन को देश की अर्थवयवस्था के लिए ऐतिहासिक बताया। साथ ही उन्होंने मनमोहन सिंह सरकार पर कालेधन को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को भी अनसुना करने का आरोप लगाया।












Click it and Unblock the Notifications