Dhruv Rathee Detained: CJP प्रदर्शन से पहले ध्रुव राठी हिरासत में, जंतर-मंतर पर जाने की थी तैयारी
Dhruv Rathee Detained: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से ठीक पहले पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी को शनिवार सुबह करीब 8 बजे गुरुग्राम से हिरासत में ले लिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस की मदद से यह कार्रवाई की है। सीजेपी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, ''ध्रुव राठी को हिरासत में लिया गया है। तानाशाह उन नौजवानों से डरता है जो उसके गलत कामों पर सवाल उठाते हैं और चुप रहने से मना करते हैं!''

इंस्टाग्राम पर की थी प्रदर्शन में शामिल होने की अपील
गिरफ्तारी से ठीक पहले ध्रुव राठी ने सोशल मीडिया पर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला था। उन्होंने गुरुवार को बेंगलुरु में एसआईआर (SIR) के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इसके बाद शुक्रवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर लोगों से दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर CJP के इस आंदोलन में शामिल होने की जोरदार अपील की थी। इसी पोस्ट और उनकी सक्रियता के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई थीं।
CJP ने ध्रुव राठी समेत हिरासत में लिए गए लोगों की तत्काल रिहाई की मांग की
CJP ने ध्रुव राठी को हिरासत में लिए जाने की निंदा की है। पार्टी ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनावी वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाने की कोशिश की जा रही है।
10 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस रिलीज में CJP ने हिरासत की कार्रवाई को मनमानी और सख्ती भरा कदम बताया। पार्टी का आरोप है कि सरकार विरोध की आवाजों को रोकने के लिए दिल्ली में बड़े स्तर पर कार्रवाई कर रही है।
CJP ने ध्रुव राठी के साथ हिरासत में लिए गए सैकड़ों अन्य नागरिकों और छात्र कार्यकर्ताओं को भी बिना किसी शर्त के तुरंत रिहा करने की मांग की है। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की कुल संख्या और उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर प्रेस रिलीज में दिए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है।
कनाट प्लेस से 150 प्रदर्शनकारी भी हिरासत में
जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों पर भी पुलिस सख्त नजर आ रही है। कनाट प्लेस इलाके में भारी ड्रामा देखने को मिला, जहां पुलिस ने बैरिकेड्स पार करने की कोशिश कर रहे करीब 150 प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में ले लिया है। प्रशासन किसी भी कीमत पर राजधानी की कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं देना चाहता है, जिसके चलते सुरक्षा बलों ने चप्पे-चप्पे पर पहरा बिठा रखा है।


Click it and Unblock the Notifications
