कंझावला के बाद दिल्ली फिर शर्मसार! दोस्ती तोड़ी तो युवक ने लड़की को मार दिया चाकू, VIDEO
दिल्ली के आदर्श नगर में दोस्ती तोड़ने से नाराज एक युवक ने लड़की को चाकू मार दिया है। पुलिस ने आरोपी 22 साल के सुखविंदर को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं लड़की अस्पताल में भर्ती है।

दिल्ली के कंझावला इलाके में अंजलि नाम की लड़की को कार से घसीटकर मारने की घटना की जांच अभी चल ही रही है कि देश की राजधानी में शर्मसार करने वाला एक और मामला सामने आया है। यहां आदर्श नगर इलाके में 22 साल के एक युवक ने एक लड़की को चाकू मार दिया है। ये घटना 2 जनवरी की है और आरोपी सुखविंदर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि युवक और लड़की दोनों दोस्त थे और किसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर सुखविंदर ने लड़की के ऊपर 3-4 बार चाकू से वार किए। लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बताया जा रहा है कि सुखविंदर इस बात से नाराज था, क्योंकि लड़की उससे दोस्ती तोड़ना चाहती थी। इसी बात से गुस्साए सुखविंदर सिंह ने लड़की पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें लड़की को काफी चोटें आईं। लड़की की उम्र 21 साल बताई जा रही है। घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन की और आरोपी सुखविंदर को गिरफ्तार कर लिया। वही, जहांगीरपुरी के बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती पीड़ित लड़की की हालत स्थिर है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
वीडियो:-
चाकू मारकर अंबाला भाग गया था आरोपी
दिल्ली पुलिस ने सुखविंदर के ऊपर धारा 307 (हत्या की कोशिश) के तहत केस दर्ज किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के बीच पिछले कई साल से दोस्ती थी, लेकिन अचानक इस दोस्ती में खटास आ गई और लड़की ने सुखविंदर से बात करना बंद कर दिया। इसी बात से नाराज होकर सुखविंदर ने लड़की पर चाकू से वार किए और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि आरोपी अंबाला भाग गया है, जहां से पुलिस ने मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications