दिल्ली में अब होगी साफ पानी की किल्लत, बाढ़ से वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद, सीएम केजरीवाल ने कही ये बात
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राज्य और केंद्र सरकार की कई टीमें लगातार लोगों तक मदद पहुंचा रहीं। इस बीच दिल्ली सरकार ने कई वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को बंद कर दिया है। इसकी जानकारी खुद सीएम केजरीवाल ने दी।
सीएम ने ट्वीट कर लिखा कि यमुना में बढ़ते जलस्तर की वजह से वजीराबाद, चन्द्रावल और ओखला वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़ रहे हैं। इस वजह से दिल्ली के कुछ इलाकों में पानी की परेशानी होगी। जैसे ही यमुना का पानी कम होगा, इन्हें जल्द से जल्द चालू करने की कोशिश करेंगे।

एक अन्य ट्वीट में सीएम ने बताया कि दिल्ली के जिन इलाकों में पानी भर रहा है, वहां पर सब सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने AAP विधायकों, नेताओं, पार्षदों से जनता के बीच जाकर उनकी मदद करने की अपील की।
लाल किले तक पहुंचा पानी
वहीं दूसरी ओर दिल्ली में हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। यमुना के किनारे बसे इलाके तो पानी में डूब गए, जबकि रिंग रोड पर भी पानी आ गया है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक लालकिले तक यमुना का पानी पहुंच गया है। इसके अलावा राजघाट, आईटीओ, पुराने किले में भी काफी ज्यादा पानी भरा है।
1978 का रिकॉर्ड टूटा
साल 1978 में लोहे वाले ब्रिज के पास यमुना का जलस्तर 207.49 रिकॉर्ड किया गया था। इस बार ये रिकॉर्ड भी टूट गया। मौजूदा वक्त में वहां पर 208 मीटर का जलस्तर पार हो गया है। वहीं जो नाले यमुना में आकर गिरते थे, पानी ज्यादा होने से उनका बहाव भी रुक गया है।
यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर लोग परेशान
मेट्रो की सेवा अभी सामान्य है, लेकिन जिनको यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर उतरना है, उनके लिए दिक्कत हो रही। वहां पर स्टेशन के बाहर पानी भरा है। मेट्रो ने अपील की है कि लोग यमुना बैंक की जगह अक्षरधाम या फिर लक्ष्मीनगर स्टेशन पर उतरें।












Click it and Unblock the Notifications