Wrestlers Protest: पहलवानों की पुलिस से तीखी झड़प, फोगाट बहनें सड़क पर गिरीं, हिरासत में विनेश-साक्षी और बजरंग
Wrestlers Clash With Delhi Police: दिल्ली में नए संसद भवन के सामने महिला पंचायत के लिए जा रहे पहलवान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हो गई। इस दौरान विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया को हिरासत में लिया गया।

Wrestlers Protest: दिल्ली में एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नए संसद भवन का उद्घाटन किया। तो दूसरी तरफ पहलवानों के मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस का कड़ा एक्शन देखने को मिला। जंतर-मंतर से नए संसद भवन की ओर कूच कर रहे पहलवानों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसी के साथ पुलिस और पहलवानों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली।
संसद कूच कर रहे पहलवानों को रोका
दरअसल, भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जारी एक महीने से अधिक के वक्त से जारी धरने के बाद पहलवानों और खाप पंचायत ने नए संसद भवन के सामने 'महिला पंचायत' का आह्वान किया था, जिसके लिए जंतर-मंतर से प्रदर्शनकारी पहलवान मार्च निकाल रहे थे, इस दौरान प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो पुलिस और पहलवानों में झड़प हो गई।
जमीन पर गिरीं फोगाट बहनें, पुलिस ने उखाड़े टेंट
पहलवानों ने हाथों में तिरंगा थामे हुए नए संसद भवन तक जाने के लिए पुलिस की लगाई हुई बैरिकेडिंग तोड़ दी, जिसके बाद पुलिस से झड़प में फोगाट बहनें जमीन पर गिर पड़ीं। इतना ही नहीं पुलिस ने साक्षी मलिक समेत बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट को हिरासत में ले लिया। साथ ही जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे पहलवानों द्वारा लगाये गए टेंट को भी पुलिस ने हटा दिया।
हिरासत में कई पहलवान
पुलिस हिरासत में लेने के बाद पहलवान साक्षी मलिक ने कहा कि हम शांतिपूर्वक मार्च कर रहे थे, लेकिन उन्होंने (पुलिस) हमें जबरदस्ती घसीटा और हिरासत में लिया। वहीं पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा कि हमने कोई बैरिकेड्स नहीं तोड़े. उन्होंने (पुलिस) साक्षी (मलिक) को पहले ही हिरासत में ले लिया।

गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों को रोका
वहीं दूसरी तरफ गाजीपुर बॉर्डर पर किसान नेताओं और पुलिस के बीच झड़प देखने को मिली। जिस पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि अन्य सभी (किसानों) को (पुलिस द्वारा) रोक दिया गया है। हम अभी यहां बैठेंगे और तय करेंगे कि आगे क्या करना है।












Click it and Unblock the Notifications