VIDEO: महिला पायलट पर काम वाली बच्ची को टॉर्चर करने का आरोप, भीड़ ने परिवार को पीटा
दिल्ली के द्वारका में एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। वहां पर एक महिला पायलट और उसके पति पर 10 साल की बच्ची को प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। बच्ची उनके घर में मेड का काम करती थी।
वहीं दूसरी ओर बच्ची को प्रताड़ित करने की खबर सुनकर आसपास के लोग भड़क गए। उन्होंने पायलट महिला और उसके पति को जमकर पीटा। आनन-फानन में पहुंची पुलिस टीम ने मामला शांत करवाकर एफआईआर दर्ज की।

पुलिस के मुताबिक महिला पायलट है और उसके पति भी एक एयरलाइन में काम करते है। उन्होंने 10 साल की लड़की को घरेलू सहायिका के रूप में रखा था। लड़की का मेडिकल करवा लिया गया है। साथ ही आईपीसी की धारा 323,324,342 और बाल श्रम अधिनियम 75 जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके अलावा दोनों को हिरासत में ले लिया गया है। बच्ची को सुरक्षित उसके घर वालों के पास भेजा जा रहा। जांच में दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो वायरल
वहीं घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा, जिसमें महिला पायलट के ड्रेस में नजर आती है। उसको कुछ महिलाएं बुरी तरह से पीट रही होती हैं, तभी उनके पति बाहर निकलते हैं और उसे बचाने की कोशिश करते हैं।
वहां मौजूद पुरुषों ने उनके पति को भी पीटा। महिला सॉरी-सॉरी चिल्लाती रही, लेकिन पीटने वाले नहीं रुके। बाद में पुलिस ने महिला को बचाया।
बच्ची के शरीर पर चोट के निशान
आसपास के लोगों के मुताबिक दंपत्ति ने दो महीने पहले बच्ची को काम पर रखा था। बुधवार को लड़की के घरवाले उससे मिलने आए, जिस पर उनको उसके शरीर पर चोट के निशान मिले। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। तभी आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए और उन्होंने दंपत्ति को पीटना शुरू कर दिया।
बच्ची की हो रही काउंसलिंग
मामले में डीसीपी एम हर्ष वर्धन ने कहा कि हम मौके पर पहुंचे, तो पता चला कि 10 साल की एक लड़की को एक दंपति ने घरेलू सहायिका के रूप में रखा है। उसकी मेडिकल जांच की गई, जिसमें कुछ चोटें और जलने के निशान सामने आए हैं। पति-पत्नी दोनों को हिरासत में ले लिया गया है। बच्ची की काउंसलिंग करवाई जा रही।












Click it and Unblock the Notifications