Arvind Kejriwal Arrested: ED ने क्यों किया अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार? एक झलक में समझें
शराब नीति घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार यानी आज दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया।
आप नेता आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने पहले ही केजरीवाल की गिरफ्तारी के संकेत दे दिए थे। दरअसल, केजरीवाल ने नौ बार केंद्रीय जांच एजेंसी के समन पर कोई जवाब नहीं दिया और न ही उपस्थिति दर्ज कराई। क्यों किया ईडी ने केजरीवाल को गिरफ्तार?

ईडी ने एक प्रेस नोट में केजरीवाल को मामले में साजिशकर्ता कहा था। ईडी ने कहा है कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता ने अब खत्म हो चुकी शराब नीति मामले को तैयार करते समय कथित तौर पर केजरीवाल और आप नेताओं मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के साथ साजिश रची थी।
कथित साजिश में एक ऐसी नीति बनाना शामिल था, जिससे दक्षिणी भारत की शराब लॉबी को फायदा होगा, जिसे ईडी ने साउथ लॉबी कहा था। ईडी के मुताबिक, बदले में 'साउथ लॉबी' आप को 100 करोड़ रुपये देगी। कुछ आरोपियों और गवाहों के बयानों में केजरीवाल का नाम सामने आया था। ईडी ने अपने रिमांड नोट और चार्जशीट में इसका जिक्र किया है।
नायर अक्सर केजरीवाल के कार्यालय जाता था
जांच एजेंसी ने कहा कि शराब नीति मामले के आरोपियों में से एक विजय नायर अक्सर केजरीवाल के कार्यालय जाता था और अपना अधिकांश समय वहीं बिताता था। नायर ने कथित तौर पर शराब व्यापारियों से कहा कि उन्होंने केजरीवाल के साथ नीति पर चर्चा की। जांचकर्ताओं ने कहा है कि यह नायर ही थे, जिन्होंने इंडोर स्पिरिट के मालिक समीर महेंद्रू की केजरीवाल से मुलाकात कराई थी।
जब बैठक असफल रही, तो उन्होंने महेंद्रू और केजरीवाल की वीडियो कॉल पर बात कराई, जिसमें केजरीवाल ने कहा कि नायर उनके 'बच्चे' थे, जिन पर उन्हें भरोसा है। साउथ लॉबी के पहले आरोपी और अब गवाह राघव मगुंटा ने कहा था कि उनके पिता, जो वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के सांसद हैं, ने शराब नीति के बारे में अधिक जानने के लिए केजरीवाल से मुलाकात की थी।












Click it and Unblock the Notifications