Delhi Election 2025: दिल्ली चुनाव क्यों नहीं लड़ेंगे BJP प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा? AAP बोली-'डर गए'
Delhi Election 2025 (Virendra Sachdeva): दिल्ली में फरवरी में चुनाव होने हैं। ऐसे में खबर सामने आ रही है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश वीरेंद्र सचदेवा विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। पार्टी सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है।
वीरेंद्र सचदेवा ने कथित तौर पर भाजपा नेतृत्व को अपना फैसला बता दिया है कि वह दिल्ली विधानसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि वह चुनाव लड़ने के बजाय दिल्ली के सभी 70 निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी की सफलता सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

वीरेंद्र सचदेवा के फैसले पर BJP आलाकमान का क्या है रुख!
सूत्रों ने बताया कि भाजपा आलाकमान ने वीरेंद्र सचदेवा के फैसले पर सहमति जताई है। हाल ही में वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली में पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी चर्चा की।
गुरुवार (02 जनवरी) को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वीरेंद्र सचदेवा ने अपना रुख स्पष्ट किया और पहले लगाई जा रही अटकलों को खारिज कर दिया कि वह कृष्णा नगर या विश्वास नगर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं।
वीरेंद्र सचदेवा के कृष्णा नगर या विश्वास नगर से चुनाव लड़ने की थी अटकलें
कृष्णा नगर में पूर्व भाजपा अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन और अन्य पार्टी नेताओं ने रुचि दिखाई थी, जबकि विश्वास नगर का प्रतिनिधित्व वर्तमान में भाजपा विधायक ओम प्रकाश शर्मा कर रहे हैं। पहले ऐसी खबरें आई थी किवीरेंद्र सचदेवा कृष्णा नगर या विश्वास नगर से चुनाव लड़ सकते हैं लेकिन अब उन्होंने साफ कर दिया है कि वो इन दोनों सीटों से चुनाव नहीं लड़ने जा रहे हैं।
कुछ न्यूज चैनल को दिए अपने पहले इंटरव्यू में वीरेंद्र सचदेवा ने कहा था कि उनका ध्यान दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों पर ध्यान केंद्रित करने और जीतने पर है। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा था, ''हमारे पास एक प्रक्रिया है। हम हर चुनाव में इस प्रक्रिया का पालन करते हैं। एक या दो दिन में सूची आने की उम्मीद है। व्यक्ति महत्वपूर्ण नहीं है। पार्टी महत्वपूर्ण है। मेरी जिम्मेदारी सभी 70 सीटें जीतना है। यह मेरी जिम्मेदारी है।'
AAP बोली-'क्या हुआ, डर गए'
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच पोस्टर वार तेज होने के बीच, आप ने दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा पर निशाना साधा। ऐसी खबरें सामने आईं कि वह आगामी चुनाव नहीं लड़ेंगे। आप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर सचदेवा का मजाक उड़ाते हुए एक पोस्टर लगाया। पोस्टर में उन्हें बॉलीवुड फिल्म ''भाग मिल्खा भाग'' के किरदार ''मिल्खा सिंह'' के अवतार में दिखाया गया है। साथ में कैप्शन लिखा गया है कि ''क्या हुआ, डर गए?''
भाजपा ने अभी तक दिल्ली चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है, जबकि आम आदमी पार्टी ने सभी निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। दिल्ली विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी में होने हैं। मौजूदा दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 15 फरवरी, 2025 को समाप्त होगा।












Click it and Unblock the Notifications