Rajesh Khullar कौन हैं? जो बन सकते हैं दिल्ली के नए LG, जानिए जम्मू-कश्मीर के नए गवर्नर का क्या होगा नाम?
Who is Rajesh Khullar: दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) पद पर जल्द ही बदलाव हो सकता है। खबरें हैं कि मौजूदा LG वीके सक्सेना को जम्मू-कश्मीर भेजा जा सकता है, और उनकी जगह पूर्व IAS अधिकारी राजेश खुल्लर को दिल्ली का नया LG बनाया जा सकता है।
हालांकि, अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह बदलाव भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर हो सकता है। आइए जानते हैं कौन है राजेश खुल्लर ? विस्तार से सबकुछ...

Who is Rajesh Khullar: कौन हैं राजेश खुल्लर?
राजेश खुल्लर हरियाणा कैडर के 1988 बैच के IAS अधिकारी हैं। उनका जन्म 31 अगस्त 1963 को अंबाला में हुआ था। उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातक और पंजाब विश्वविद्यालय से भौतिकी में स्वर्ण पदक के साथ M.Sc. किया है। इसके अलावा, उन्होंने टोक्यो के GRIPS से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री और हार्वर्ड केनेडी स्कूल से एग्जीक्यूटिव डेवलपमेंट प्रोग्राम का डिप्लोमा भी प्राप्त किया है।
बेहद प्रभावशाली प्रशासनिक करियर
खुल्लर का प्रशासनिक करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। वे गुरुग्राम और फरीदाबाद के नगर आयुक्त, सोनीपत और रोहतक के जिलाधिकारी, और हरियाणा के गृह सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। केंद्र सरकार में उन्होंने वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग में संयुक्त सचिव के रूप में भी सेवाएं दी हैं, जहां उन्होंने भारत की सार्वजनिक-निजी भागीदारी और भूमि मुद्रीकरण नीतियों को तैयार करने में मदद की।
सितंबर 2020 में, खुल्लर को विश्व बैंक में भारत, बांग्लादेश, भूटान और श्रीलंका का प्रतिनिधित्व करने के लिए कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया। उन्होंने वहां पर्यावरण और सामाजिक जवाबदेही को मजबूत करने के लिए नई नीतियों की शुरुआत की। मार्च 2023 में, वे भारत लौट आए और हरियाणा सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) के रूप में कार्यभार संभाला।
खुल्लर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मुख्य प्रधान सचिव भी रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति के दौरान, उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी दिया गया था, हालांकि बाद में मंत्रियों के विरोध के चलते यह आदेश वापस ले लिया गया।
दिल्ली के LG पद के लिए संभावित नियुक्ति
सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में भी उपराज्यपाल पद पर बदलाव की अटकलें हैं। मौजूदा उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को भाजपा में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक भूमिका दी जा सकती है, और उनकी जगह वीके सक्सेना को भेजा जा सकता है। यह बदलाव क्षेत्र के शासन और राजनीतिक स्थिरता को ध्यान में रखते हुए किया जा सकता है।
हालांकि, इन सभी बदलावों की अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में इन पर औपचारिक निर्णय लिया जा सकता है। यह फेरबदल आगामी चुनावों से पहले प्रमुख नौकरशाही भूमिकाओं के रणनीतिक पुनर्गठन का संकेत हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications