तानाशाह को लगा करारा तमाचा: सत्येंद्र जैन की रिहाई पर बोले सिसोदिया, जानें किसने क्या कहा?
Satyendar Jain Bail: दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सत्येंद्र जैन को शुक्रवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से जमानत मिल गई। उन्हें साल 2022 में दिल्ली आबाकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट ने उन्हें जमानत देते हुए अपने जजमेंट में कहा, ट्रायल जल्द पूरी होने की कोई संभावना नहीं है, इसलिए जमानत दी गई है। सत्येंद्र जैन को बेल मिलने के बाद आप के वरिष्ठ नेताओं की प्रतिक्रिया लगातार सामने आ रही हैं।
सिसोदिया बोले, 'तानाशाह को लगा तमाचा'
इस मामले में दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की प्रतिक्रिया सामने आई है। सिसोदिया ने कहा एक्स पर लिखा-सत्यमेव जयते। देश का संविधान ज़िंदाबाद। तानाशाह की तानाशाही एक बार फिर तमाचा। झूँठे और बेनुनियाद आरोप लगाकर सत्येंद्र जैन को इतने लंबे समय जेल में रखा। चार बार उनके घर पर रेड की। कुछ मिला नहीं फिर भी PMLA का झूठा केस बनाकर जेल में डालकर रखा। देश की न्यायपालिका को सच और न्याय का साथ देने के लिए धन्यवाद।

आगे उन्होंने कहा, दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं को नया आयाम देने वाले और मोहल्ला क्लिनिक जैसी शानदार योजना को धरातल पर उतारने वाले हमारे भाई सत्येंद्र जैन को आज दो साल से भी ज्यादा का समय जेल में बिताने के बाद आखिर जमानत मिल गई। उनके यहाँ कई बार छापेमारी हुई, लेकिन एक भी पैसा बरामद नहीं हुआ। उनका एकमात्र 'कसूर' ये था कि उन्होंने दिल्ली में शानदार मोहल्ला क्लिनिक बनाए और दिल्ली के सभी नागरिकों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी। गरीबों का यह मुफ्त इलाज बंद करने और मोहल्ला क्लिनिक को रोकने के लिए मोदी जी ने उन्हें जेल भिजवाया। लेकिन भगवान का आशीर्वाद हमारे साथ है, और मेरे, संजय भाई और अरविंद जी के बाद आज सत्येंद्र जैन भी रिहा हो गए हैं।
सत्यमेव जयते- आतिशी
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा-"सत्यमेव जयते।"
मोदी ने यातनाओं की सारी कोशिश की- संजय सिंह
वहीं, आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सत्येंद्र जैन के बेल मिलने पर मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 873 दिन का लंबा संघर्ष, मोदी की यातनाओं की सारी कोशिश भी सत्येंद्र जैन के हौंसले को नहीं तोड़ पाई। ये आम आदमी के नेता है, इनपर झूठे मुकदमे चला सकते हो, लाठियां बरसा सकते हो, जेल में डाल सकते हो मगर इनके हौंसले नहीं तोड़ सकते। सतेंद्र जैन भाई के जज्बे को सलाम। रिहाई पर बधाई ।












Click it and Unblock the Notifications