Weather News: दिल्ली में आज होगी बारिश? अगले 7 दिनों में कैसा रहेगा मौसम? अन्य राज्यों का यहां जानें हाल
Weather Forecast News Update: भारत में मानसून का आगमन जून के महीने में होता है, और यह चार महीने यानी सितंबर के अंत तक चलता है। सितंबर का बचा आधा महीना बारिश की विदाई का संकेत दे रहा है। इसी कड़ी में, देश की राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश पर रविवार को ब्रेक लग गया। हालांकि, आसमान पर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई।
फिलहाल, मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड के 4 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट जारी है। आइए जानते हैं मौसम का हाल?

दिल्ली में अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार यानी 16 सितंबर से हल्की बारिश और बादल छाए रहने की उम्मीद है। 17 सितंबर और 18 सितंबर को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और 18 और 19 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके बाद 20 और 21 सितंबर को मौसम साफ रहेगा, लेकिन 22 सितंबर को एक बार फिर से बादल छाने की संभावना है।
दिल्ली का तापमान और वायु गुणवत्ता
रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1.5 डिग्री कम रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, रविवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 100 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है।
दिल्ली में बारिश का रिकॉर्ड
सितंबर के शुरुआती दिनों में ही दिल्ली की कुल वर्षा 1,000 मिमी से अधिक हो चुकी है, जो सामान्य से काफी ज्यादा है। आमतौर पर पूरे मानसून के दौरान दिल्ली में लगभग 650 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार यह आंकड़ा पार हो चुका है। 2023 की तुलना में इस साल बारिश का रिकॉर्ड काफी बेहतर रहा है। इस सितंबर में अब तक 125.8 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से 55% अधिक है।
क्या है अन्य राज्यों का मौसम अपडेट?
उत्तर भारत में बारिश की स्थिति
- उत्तर प्रदेश: यूपी के 16 जिलों में 16 सितंबर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
- हरियाणा और पंजाब: इन दोनों राज्यों में भी 16 और 17 सितंबर भारी बारिश की चेतावनी है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है।
- उत्तराखंड: उत्तराखंड के चार जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। बद्रीनाथ नेशनल हाइवे सहित कई रास्ते बंद हो गए हैं और पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और भूधंसाव हो रहा है।
हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं और बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है। कुल्लू और मनाली में बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने 21 सितंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। राज्य के कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में फिर से मॉनसून सक्रिय
उत्तराखंड में आज से मॉनसून फिर से सक्रिय हो गया है। पिछले कुछ दिनों में बारिश ने यहां व्यापक तबाही मचाई है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और भूधंसाव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications