Delhi: पानी की मांग को लेकर अनशन पर बैठीं जल मंत्री आतिशी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में कराया भर्ती
Delhi Minister Atishi Hunger Strike: दिल्ली के लोगों के लिए पानी की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी मंत्री आतिशी की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनको मंगलवार अलसुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया। जल मंत्री आतिशी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें LNJP अस्पताल लेकर जाया गया।
राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट को लेकर 21 जून से उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। जो कि मंगलवार (25 जून) को 5वें दिन में प्रवेश कर गई है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि हरियाणा सरकार दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं दे रही है। जिसके विरोध में आतिशी ने अपना अनशन शुरू किया।

पानी की मांग को लेकर अनशन
आतिशी का आरोप है कि पड़ोसी राज्य हरियाणा की सरकार ने 100 मिलियन गैलन प्रतिदिन (एमजीडी) पानी नहीं छोड़ा है, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट पैदा हो गया है। आतिशी को मंगलवार की सुबह राष्ट्रीय राजधानी के लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शुगर लेवल में लगातार गिरावट
वहीं दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आतिशी के स्वास्थ्य को लेकर कहा, "रात से ही उनका ब्लड शुगर लेवल गिर रहा था। जब हमने उनका ब्लड सैंपल दिया तो शुगर लेवल 46 निकला था। जब हमने पोर्टेबल मशीन से उनका शुगर लेवल चेक किया तो लेवल 36 निकला। डॉक्टर जांच कर रहे हैं और उसके बाद ही वे कोई सुझाव देंगे।"
पिछले 5 दिनों से कुछ नहीं खाया-संजय सिंह
इधर, आप सांसद संजय सिंह ने कहा, "उनका ब्लड शुगर लेवल गिरकर 43 तक पहुंच गया है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि हालत बिगड़ने से पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया जाए। उन्हें एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने पिछले 5 दिनों से कुछ नहीं खाया है। उनका शुगर लेवल गिर गया है, कीटोन बढ़ रहा है और बीपी कम हो रहा है। वह अपने लिए नहीं लड़ रही हैं, वह दिल्ली के लोगों के लिए, पानी के लिए लड़ रही हैं।"
इससे पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि डॉक्टरों ने आतिशी को उनके बिगड़ते स्वास्थ्य को देखते हुए अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है, लेकिन वह "अपनी जान जोखिम में डालकर" दिल्ली के पानी के उचित हिस्से के लिए लड़ रही हैं।
बता दें कि भूख हड़ताल पर बैठी जल मंत्री आतिशी ने कहा है कि जब तक हरियाणा सरकार से वो दिल्ली के लोगों का जल अधिकार नहीं दिला देगीं और हथिनीकुंड बैराज के गेट नहीं खोले जाते तब तक उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications