दिल्ली की सड़कों पर किन्नर रोक सकते हैं आपका वाहन, ये है वजह
नई दिल्ली। दिल्ली के किसी चौराहे या लाल बत्ती पर आपकी बाइक या गाड़ी रोक कर कोई किन्नर सड़क पर चलने के नियम बताने लगें तो चौंकिएगा मत, ये सब यातायात नियमों के प्रति जागरुकता की एक मुहिम का हिस्सा है।

अब तक दिल्ली की सड़कों पर आपको ट्रैफिक पुलिस या फिर सामाजिक संगठनों के लोग ही यातायात के नियमों के बारे में जागरूक करते दिखे होंगे। लेकिन 25 अक्टूबर से सड़कों पर किन्नर आपसे ट्रैफिक नियमों का पालन करने की गुजारिश करते दिखेंगें।
एनजीओ बसेरा और कुछ लॉ के छात्रों ने इस मुहिम की शुरुआत की है। जिसमें एनजीओ और लॉ छात्रों के साथ किन्नर भी सड़क पर लोगों को सड़क के नियमों के बारे में सिखाएंगे
किन्नरों को मुख्यधारा में लाना है मकसद
इस पूरी मुहिम के पीछे दिल्लीवासियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ किन्नरों को समाज की मुख्यधारा में लाना भी मकसद है।
ये पूरा अभियान दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएसएलएसए) की देखरेख में होगा। डीएसएलएसए के सचिव धर्मेश शर्मा ने बताया कि 23 अक्टूबर को इसका एक रिहर्सल बाबा खड़ग सिंह मार्ग पर होगा और ये 25 अक्टूबर से शुरू होगा।
धर्मेश शर्मा ने बताया कि 150 वालिंटियर 26 किन्नर इस अभियान का हिस्सा हैं। ये सभी राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरुक करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications