अपनी यात्रा के दौरान बिहार हिंसा को डिजाइन करके गए थे मोहन भागवत: तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा कि पूरे बिहार में जिस तरीके से बीजेपी और आरएसएस के लोग दंगा भड़का रहे हैं वो चिंताजनक है
Recommended Video

नई दिल्ली। बिहार में हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है अब बिहार के 6 जिले हिंसा से प्रभावित हो चुके हैं। इसी बीच बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने संघ प्रमुख मोहन भागवत पर बड़ा हमला किया है। तेजस्वी ने कहा है कि संघ प्रमुख मोहन भागवत 14 दिन के लिए बिहार आए थे जिस दौरान स्वयंसेवकों को हिंसा की ट्रेनिंग दी गई। उन्होंने संघ प्रमुख पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में मोहन भागवत 14 दिनों तक रुके थे और अपनी यात्रा में वह इस घटना को डिजाइन करके गए थे।

'मोहन भागवत ने हिंसा को डिजाइन किया'
तेजस्वी यादव ने कहा कि पूरे बिहार में जिस तरीके से बीजेपी और आरएसएस के लोग दंगा भड़का रहे हैं वो चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि आपको याद होगा कि बिहार में मोहन भागवत 14 दिनों तक रूके थे, अपनी यात्रा में वो इस घटना को डिजाइन करके गए थे। तेजस्वी ने कहा कि 14 दिन वो लोगों को यही ट्रेनिंग देकर गए हैं, अब लोगों को उनका एजेंडा समझ आ रहा है। इन लोगों को पहले ही पता था कि ये लोग उपचुनाव में हार रहे हैं, इस वजह से ये ऐसा कर रहे हैं।

नवादा में चली गोलियां
उधर शुक्रवार को नवादा तक हिंसा फैल गई थी। बताया जाता है कि दो समुदायों के बीच झड़प हुई जिसके बाद पुलिस ने उपद्रवियों पर काबू पाने के लिए कई राउंड गोलियां चलाईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भीड़ ने मीडिया को भी निशाना बनाया। नवादा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का इलाका है। हिंसा को देखते हुए यहां इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। हिंसक भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस ने हवाई फायर किए, आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आसामाजिक तत्वों ने धार्मिक स्थल को क्षतिग्रस्त कर दिया जिससे नाराज होकर लोगों ने पटना-रांची राजमार्ग 31 को जाम कर दिया।

रामनवमी के जुलूस को लेकर बिहार के कई हिस्सों से हिंसक झड़पें हुई हैं
आपको बता दें कि रामनवमी के जुलूस को लेकर बिहार के कई हिस्सों से हिंसक झड़पें हुई हैं। औरंगाबाद और भागलपुर के बाद सांप्रदायिक हिंसा मुंगेर और समस्तीपुर में भी फैल गई थी। रामनवमी जुलूस और प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम के दौरान दो गुटों में हिंसक झड़प के बाद राज्य के कई हिस्सों में तनाव का माहौल है। सांप्रदायिक तनाव को लेकर नीतीश कुमार और बीजेपी पर विपक्षी दल तीखे हमले कर रहे हैं। अलग-अलग शहरों में हुई हिंसा में अब तक 122 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications