स्वाति मालीवाल ने बदली अपनी X प्रोफाइल, देर रात केजरीवाल के घर से वीडियोग्राफी के बाद दिल्ली पुलिस रवाना
Swati Maliwal Assault Case: अपनी ही पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट और बदसलूकी मामले में आम आदमी पार्टी घिरती जा रही है। एक दिन पहले जहां स्वाति के बयान और शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने सीएम केजरीवाल के पूर्व पीए के खिलाफ मामला दर्ज किया था। तो वहीं अब देर रात पुलिस टीम केजरीवाल के घर पहुंचीं।
स्वाति मालीवाल मारपीट मामले में दिल्ली पुलिस की टीम AAP राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंची, जहां मामले की जांच और परिसर की वीडियोग्राफी के बाद वहां से रवाना हो गई।

इससे पहले दिल्ली पुलिस की एक टीम ने फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ शुक्रवार को भी यहां मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास का दौरा किया और वहां मालीवाल पर हुए कथित हमले के संबंध में साक्ष्य एकत्र किए थे।
दिल्ली पुलिस की टीम सीएम केजरीवाल के घर ऐसे वक्त पर पहुंची, जब उससे कुछ देर पहले ही स्वाति ने आरोप लगाते हुए ट्वीट किया था कि, "मुझे सूचना मिली है कि अब ये लोग घर के CCTV से छेड़छाड़ करवा रहे हैं।"
इससे पहले केजरीवाल के सहयोगी विभव कुमार ने भी मालीवाल के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दी है। जिसमें उन्होंने दावा किया कि सीएम सुरक्षा और सीएमओ स्टाफ की बार-बार आपत्ति के बावजूद स्वाति मालीवाल ने सीएम आवास में जबरन और अवैध रूप से प्रवेश किया।
स्वाति ने बदली अपनी प्रोफाइल
इधर, मारपीट की घटना के बाद स्वाति मालीवाल का भी AAP से मोहभंग होता हुआ नजर आ रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी प्रोफाइल बदल दी है। साथ ही केजरीवाल की फोटो भी हटा दी है। हालांकि अभी तक स्वाति ने पार्टी को छोड़ने का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।
स्वाति मालीवाल ने अपने एक्स हैंडल पर आम आदमी पार्टी से अपनी पहचान और अरविंद केजरीवाल की फोटो दोनों को हटा दिया है। अब उन्होंने अपनी प्रोफाइल पर खुद का ब्योरा सोशल एक्टिविस्ट, संसद सदस्य और दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष के तौर पर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications