अमेरिका में भारतीय की गोली मारकर हत्या पर सुषमा स्वराज ने जताया दुख, दूतावास को दिए निर्देश
26 वर्षीय भारतीय युवक विक्रम जरयाल की वाशिंगटन में दो हथियारबंद बदमाशों ने हत्या कर दी। लूटपाट के दौरान विक्रम को गोली मारी गई।
नई दिल्ली। अमेरिका में भारतीय युवक की गोली मारकर की गई हत्या पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने दुख जताया है। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित के परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया है। सुषमा स्वराज ने ट्वीट करके कहा है कि भारतीय उच्चायोग पीड़ित के परिवार को पूरा सहयोग कर रहा है।

पंजाब के रहने वाले थे विक्रम जरयाल
26 वर्षीय भारतीय युवक विक्रम जरयाल की वाशिंगटन में दो हथियारबंद बदमाशों ने हत्या कर दी थी। घटना उस समय हुई जब विक्रम जरयाल एक गैस स्टेशन पर अपने काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान मास्क पहने दो लोग वहां पहुंचे और लूटपाट शुरू कर दी। उन्होंने लूटपाट के दौरान विक्रम को गोली मार दी। बता दें कि विक्रम जरयाल याकिमा शहर में मौजूद गैस स्टेशन पर क्लर्क के तौर पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि जरयाल को जब गोली मारी गई तो वो स्टोर में काउंटर के पीछे थे।

पुलिस ने बताया कि विक्रम जरयाल से हथियारबंद बदमाशों ने पैसे की मांग की थी, इसी दौरान उन्होंने जरयाल को गोली मार दी। उन्हें तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उनकी जल्दी ही मौत हो गई। पूरे मामले पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने दुख जताते हुए ट्वीट किया कि हमारा उच्चायोग पीड़ित परिवार का सहयोग कर रहा है। पुलिस और जांच टीमें सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी हुई हैं। जिससे हमलावरों के बारे में कुछ सुराग मिल सके। पूरे मामले की तफ्तीश का दौर जारी है।
विक्रम जरयाल, पंजाब के होशियारपुर जिले के रहने वाले थे। विक्रम के बड़े भाई ने बताया कि करीब एक महीने पहले ही वो अमेरिका शिफ्ट हुए थे। याकिमा पुलिस विभाग की ओर से बताया गया है कि हमलावरों की तस्वीरें निकाल ली गई है। उन्होंने मास्क पहन रखा है। हालांकि उनकी पहचान को लेकर कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications