Wrestler Protest: आंदोलन वापसी की अपील कर बोले खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, दिल्ली पुलिस कर रही निष्पक्ष होकर जांच
दिल्ली के जंतर मंतर में आंदोलन कर रहे पहलवानों से खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपील करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है, साथ ही वो निष्पक्ष होकर जांच कर रही है।

खेलों इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी) के लोगो लॉन्च कार्यक्रम के तहत केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने दिल्ली के जंतर मंतर में बैठे पहलवानों से आंदोलन वापस लेने की अपील की।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है, इसलिए अब रेसलर्स को अपना आंदोलन खत्म कर देना चाहिए। पहलवानों ने एक जांच कमेटी की मांग की थी जो बनाई गई और दिल्ली पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज की, साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला भी सुनाया। दिल्ली पुलिस निष्पक्ष होकर जांच कर रही है।
उन्होंने खिलाड़ियों से अपील करते हुए कहा कि वो अपना आंदोलन वापस ले लें, कोर्ट ने अपना निर्णय दे दिया है और निष्पक्ष जांच को पूरा होने दें। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि तीन महीने पहले शीर्ष एथलीटों ने बृज भूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। दबाव में आकर खेल मंत्रालय ने एक जांच कमेटी गठित कर दी। लेकिन, तीन महीने बाद भी जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई। इस बात से नाराज पहलवान एक बार फिर जंतर मंतर में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications