यूपी के शिक्षा मित्रों का दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, आमरण अनशन की धमकी
नई दिल्ली। यूपी के शिक्षामित्र अपनी मांगों को लेकर आज दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। जंतर-मंतर पर भारी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद है। भीड़ को देखते हुए पुलिस बल प्रदर्शन स्थल पर तैनात कर दिया गया है। दस हजार रुपये मानदेय से असंतुष्ट शिक्षामित्रों का जंतर-मंतर पर 11 से 14 सितंबर तक धरना-प्रदर्शन चलेगा। भारी संख्या में शिक्षामित्र ट्रेनों और बसों से दिल्ली पहुंच रहे हैं। शिक्षामित्रों ने अपने धरने को आमरण अनशन में बदलने की चेतावनी भी दी है। उन्होंने कहा है कि यदि सरकार ने उनकी मांगे नहीं मानी तो वे इसे अनिश्चितकालीन अनशन में तब्दील करेंगे।

दिल्ली पुलिस की ओर से शिक्षामित्रों को धरने के लिए फिलहाल 4 दिन की अनुमति दी गई है। धरने को सफल बनाने के लिए शिक्षामित्र संघ के नेताओं ने जिलों से लेकर गांव तक में शिक्षामित्रों से मुलाकात कर दिल्ली जाने का आह्वान किया। शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र शाही के मुताबिक 50 हजार से ज्यादा शिक्षामित्र दिल्ली पहुंच रहे हैं।
गौरतलब है कि शिक्षामित्रों का समायोजन 25 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट द्वारा रद्द कर दिया गया था। वहीं उन्हें टीईटी पास करने के बाद ही भर्ती में मौका देने की बात फैसले में कही गई थी। लेकिन शिक्षामित्र लगातार इसका विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि केन्द्र सरकार कानून में संशोधन कर उन्हें समायोजित कर सकती है। वहीं वे शिक्षक बनने तक समान कार्य, समान वेतन की मांग पर अड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications