Blinkit के 9 मिनट के आगे 330 सरकारी एम्बुलेंस फेल? Satya Niketan ने कैसे खोली दिल्ली के सरकारी सिस्टम की पोल?
Satya Niketan Collapse Exposes Delhi System: दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला PG इमारत के ढहने के बाद मलबे से छात्रों को निकालने में पुलिस, फायर ब्रिगेड, CATS एम्बुलेंस और आपदा राहत टीमों ने मोर्चा संभाला। लेकिन इस पूरे बचाव अभियान में एक और चीज ने ध्यान खींचा 'ब्लिंकइट की एम्बुलेंस'। स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद छात्रों के मुताबिक, ब्लिंकइट की पहली एम्बुलेंस हादसे के कुछ ही मिनट बाद मौके पर पहुंच गई। इसके बाद कंपनी की कई और एम्बुलेंस भी वहां पहुंचीं। इनके पैरामेडिक्स ने घायलों को ऑक्सीजन दी, प्राथमिक उपचार किया और जरूरत पड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
सवाल यह नहीं है कि निजी कंपनी की एम्बुलेंस ने मदद क्यों की? सवाल इससे बड़ा ये है कि जब दिल्ली में सरकारी CATS की 330 एम्बुलेंस मौजूद हैं, तब किसी बड़े हादसे में एक ऐप आधारित निजी सेवा 'ब्लिंकइट एम्बुलेंस' की तेज मौजूदगी सरकारी इमरजेंसी सिस्टम की क्षमता पर सवाल क्यों खड़े करती है?

पहले समझिए सत्य निकेतन में क्या हुआ? ब्लिंकइट एम्बुलेंस का क्या लिंक?
दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में करीब 30 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत ढह गई। इमारत में छात्रों के लिए PG चल रहा था और उस समय मरम्मत का काम भी चल रहा था। हादसे की सूचना मिलने के बाद दोपहर करीब 1:34 बजे पुलिस को PCR कॉल मिली। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ब्लिंकइट की पहली एम्बुलेंस भी शुरुआती दौर में घटनास्थल पर पहुंच गई। कंपनी के कर्मचारियों के अनुसार, पहली एम्बुलेंस के बाद दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में तैनात दूसरी गाड़ियों को भी मौके पर बुलाया गया।
दावा है कि करीब डेढ़ घंटे के भीतर लगभग 9 और ब्लिंकइट एम्बुलेंस वहां पहुंचीं और करीब 27 कर्मचारी बचाव कार्य में शामिल हुए। यानी एक निजी ऐप आधारित सेवा ने अपनी उपलब्ध गाड़ियों को एक ही हादसे के लिए तेजी से जुटा लिया।

ब्लिंकइट की एम्बुलेंस में क्या सुविधाएं हैं?
कंपनी के मुताबिक, दिल्ली-NCR के चुनिंदा इलाकों में उसकी 63 एम्बुलेंस संचालित हैं। कंपनी का दावा है कि इनका औसत रिस्पॉन्स टाइम करीब 9 मिनट है। इन एम्बुलेंस में ऑक्सीजन, स्ट्रेचर, व्हीलचेयर, जरूरी दवाएं, वाइटल साइन मॉनिटरिंग उपकरण और ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर (AED) जैसे उपकरण मौजूद हैं। सेवा की एक खासियत अस्पताल चुनने की सुविधा भी है। कंपनी के मुताबिक, मरीज अपने पिकअप स्थान से करीब 30 किलोमीटर के दायरे में अस्पताल चुन सकता है। ऐप नजदीकी अस्पतालों के विकल्प भी सुझाता है। अगर पहला अस्पताल मरीज को भर्ती नहीं कर पाता, तो दूसरा अस्पताल चुना जा सकता है। कंपनी के मुताबिक, मरीज को अस्पताल में सौंपे जाने तक एम्बुलेंस साथ रहती है। फिलहाल यह सेवा मुफ्त बताई गई है।
अब समझते हैं कि दिल्ली सरकार के पास कितनी सरकारी एम्बुलेंस हैं?
दिल्ली सरकार के Economic Survey 2025-26 के अनुसार, CATS के पास कुल 330 एम्बुलेंस हैं। इनका ब्रेकअप इस तरह है...
- 62 ALS: एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (Advanced Life Support)
- 249 BLS: बेसिक लाइफ सपोर्ट (Basic Life Support)
- 11 नियोनेटल एम्बुलेंस (Neo-Natal Ambulances)
- 8 PTA: पेशेंट ट्रांसपोर्ट एम्बुलेंस (Patient Transport Ambulances)
इनमें 137 CATS की अपनी एम्बुलेंस हैं, जबकि 193 एम्बुलेंस GeM (गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस) के जरिए हायर की गई हैं। सरकारी दस्तावेज के अनुसार, इस बेड़े के जरिए CATS कंट्रोल रूम में आने वाली कॉल को अटेंड किया जाता है और औसत रिस्पॉन्स टाइम 15 मिनट से कम बताया गया है। आपको बता दें कि, वर्तमान CATS वेबसाइट के मुताबिक Operation & Maintenance (O&M) का काम M/s GVK EMRI के पास है। CATS की आधिकारिक वेबसाइट कहती है कि जुलाई 2016 से O&M आउटसोर्स किया गया और 1 जुलाई 2019 से GVK EMRI CATS Ambulances का O&M संभाल रहा है। इसमें मैनपावर रिक्रूटमेंट और ट्रेनिंग, एम्बुलेंस मेंटेनेंस, इक्विपमेंट मेंटेनेंस, रेगुलेटरी कम्प्लायंस, एनुअल फिटनेस, इंश्योरेंस, फ्यूल और मेडिकल/अन्य कंज्यूमेबल्स शामिल है।
ALS और BLS में क्या फर्क है?

यह अंतर समझना बेहद जरूरी है। BLS यानी Basic Life Support एम्बुलेंस में मरीज को शुरुआती और बुनियादी आपातकालीन सहायता देकर अस्पताल तक पहुंचाने की क्षमता होती है। वहीं ALS यानी Advanced Life Support एम्बुलेंस गंभीर मरीजों के लिए ज्यादा उन्नत मेडिकल उपकरण और प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध कराने के लिए होती हैं।
2020 से 2026 तक CATS का बेड़ा कैसे बदला?
CATS के एम्बुलेंस बेड़े का इतिहास देखें...
- 2020: करीब 237 एम्बुलेंस।
- 2021-22: नियमित बेड़ा करीब 240 एम्बुलेंस रहा। कोविड के दौरान अतिरिक्त गाड़ियां भी लगाई गईं।
- 2022-23: 240 नियमित एम्बुलेंस के अलावा कोविड जरूरतों के लिए बड़ी संख्या में BLS एम्बुलेंस हायर की गईं।
- 2023-24: नियमित और हायर की गई एम्बुलेंस मिलाकर संख्या काफी बढ़ी। इस दौरान CSR के जरिए भी नई एम्बुलेंस जोड़े जाने का जिक्र मिलता है।
- 2024-25: वार्षिक रिपोर्ट में 277 एम्बुलेंस का आंकड़ा सामने आया।
- 2025: एक समय ऑपरेशनल संख्या 266 बताई गई और नई गाड़ियां जोड़कर इसे 319 तक ले जाने की प्रक्रिया शुरू हुई।
- 2026: Economic Survey 2025-26 में कुल संख्या बढ़कर 330 बताई गई।
यानी सिर्फ संख्या बढ़ाना ही कहानी नहीं है। असली सवाल ये है कि इनमें से कितनी गाड़ियां किसी भी समय वास्तव में उपलब्ध, चालू और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ के साथ तैयार रहती हैं?
9 मिनट बनाम 15 मिनट: दोनों दावों में कितना अंतर?
यहीं से सरकारी और निजी एम्बुलेंस सिस्टम की तुलना दिलचस्प हो जाती है।
| सेवा | एम्बुलेंस बेड़ा | रिस्पॉन्स टाइम |
| दिल्ली CATS | 330 | सरकारी सर्वे के अनुसार औसत 15 मिनट से कम |
| Blinkit Ambulance | 63 | कंपनी के अनुसार औसत 9 मिनट |
पहली नजर में अंतर सिर्फ 6 मिनट का लगता है। लेकिन गंभीर दुर्घटना, हार्ट अटैक, सांस रुकने या भारी रक्तस्राव जैसी स्थिति में 6 मिनट भी बेहद महत्वपूर्ण हो सकते हैं। हालांकि, दोनों आंकड़ों की तुलना करते समय एक सावधानी जरूरी है। CATS का आंकड़ा पूरे सरकारी नेटवर्क और उसकी कॉल-रिस्पॉन्स व्यवस्था से जुड़ा है, जबकि ब्लिंकइट की सेवा सीमित इलाकों में संचालित होती है। इसलिए केवल 9 बनाम 15 मिनट के आधार पर दोनों व्यवस्थाओं को पूरी तरह समान मानना सही नहीं होगा। लेकिन यही तुलना एक बड़ा सवाल जरूर उठाती है कि क्या सरकारी सिस्टम का लक्ष्य सिर्फ ज्यादा एम्बुलेंस रखना है या उन्हें सही जगह, सही समय और सही मेडिकल क्षमता के साथ पहुंचाना भी है?
दिल्ली CATS एम्बुलेंस सेवा पर सरकार का सालाना खर्च?
| मद | 2026-27 आवंटन |
| CATS General Grant | ₹93 करोड़ |
| CATS Salary Grant | ₹50 करोड़ |
| CATS Capital Grant | ₹15 करोड़ |
| Maintenance & Repair | अलग से आवंटन नहीं |
| कुल CATS बजट | ₹158 करोड़ |
नोट- सरकारी Scheme-wise Budget दस्तावेज में रकम ₹ लाख में दी गई है। ₹9,300 लाख + ₹5,000 लाख + ₹1,500 लाख = ₹15,800 लाख यानी ₹158 करोड़।

लापरवाही या मदद की चाह?
अब सवाल यह है कि दिल्ली की सरकारी एम्बुलेंस हों या किसी निजी कंपनी की, दोनों को एक ही शहर की सड़कों से गुजरकर उसी घटनास्थल तक पहुंचना है। रास्ते वही हैं, ट्रैफिक वही है और हादसा भी वही। फिर सत्य निकेतन में निजी कंपनी की एम्बुलेंस का इतनी तेजी से पहुंचना और उसके बाद देखते ही देखते करीब 9 एम्बुलेंस का मौके पर पहुंच जाना कई सवाल खड़े करता है। इसे सिर्फ निजी कंपनी की तारीफ या सरकारी सिस्टम की आलोचना के तौर पर देखना भी पर्याप्त नहीं होगा। लेकिन एक सवाल से बचा नहीं जा सकता कि अगर निजी एम्बुलेंस कुछ ही मिनटों में घटनास्थल तक पहुंच सकती हैं, तो सरकारी एम्बुलेंस को वहां पहुंचने में कितना समय लगा और क्यों? क्या फर्क सिर्फ एम्बुलेंस की संख्या का है या डिस्पैच सिस्टम, लोकेशन ट्रैकिंग और मौके के हिसाब से तुरंत फैसला लेने की क्षमता का भी है?
क्या इलाके में इंटरनेट बंद किया गया था?
वहीं, सोशल मीडिया पर तमाम दावे किए जा रहे हैं कि घटना के वक्त इलाके में इंटरनेट बंद हो गया था। एक युवक ने अपने पोस्ट में दावा किया कि अधिकारियों को पहले से पता था कि छात्र मलबे से वीडियो भेज रहे थे और स्थानीय लोग ब्लिंकिट एम्बुलेंस जैसी सर्विस का इस्तेमाल कर रहे थे। लोग सचमुच फंस गए थे और मर रहे थे, और उन्हें जल्द से जल्द बाहर निकालने पर ध्यान देने के बजाय, सरकार ऑनलाइन जो रिपोर्ट हो रही थी, उसके बारे में क्यों परेशान थी? क्या ऐसा इसलिए था क्योंकि लोकल इंस्टाग्राम जर्नलिस्ट सड़कों पर घूमकर दिखा रहे थे कि असल में क्या हो रहा है?
भारत में समस्या सिर्फ एम्बुलेंस की संख्या की नहीं
सत्य निकेतन की घटना को केवल दिल्ली तक सीमित करके देखना भी सही नहीं होगा। देश में सरकारी एम्बुलेंस नेटवर्क पिछले सालों में काफी बढ़ा है, लेकिन केंद्र सरकार के अपने आकलन में कई दूसरी समस्याएं सामने आई हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जून 2025 तक 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में करीब 28,321 एम्बुलेंस और मरीज परिवहन वाहन कार्यरत बताए गए थे। इनमें लगभग...
- 3,129: ALS एम्बुलेंस
- 15,251: BLS एम्बुलेंस
- 3,926: Patient Transport Vehicles शामिल थे। लेकिन इन वाहनों का वितरण पूरे देश में समान नहीं है।
केंद्र की समीक्षा में भी सामने आईं खामियां
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा में एम्बुलेंस नेटवर्क में कई कमियां सामने आई हैं। कई जगह पुराने वाहनों को समय पर बदले जाने की समस्या बताई गई। कुछ स्थानों पर गैर-कार्यशील या खराब रखरखाव वाले वाहन भी सामने आए। प्रशिक्षित Emergency Medical Technicians (EMT) की कमी भी एक बड़ी समस्या बताई गई। यानी एम्बुलेंस पहुंच भी जाए तो यह जरूरी नहीं कि उसमें गंभीर मरीज को संभालने के लिए पर्याप्त मेडिकल क्षमता हो। इसके अलावा GPS आधारित ट्रैकिंग और केंद्रीय स्तर पर एम्बुलेंस की रियल-टाइम निगरानी भी सभी राज्यों में एक जैसी नहीं पाई गई।
सुप्रीम कोर्ट के सामने भी उठे सवाल
एम्बुलेंस सिस्टम की निगरानी और ट्रैकिंग से जुड़े सवाल सुप्रीम कोर्ट के सामने भी पहुंचे हैं। राज्यों की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी में कई जगह एम्बुलेंस में GPS की कमी सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक, जांचे गए 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से 13 में या तो सभी एम्बुलेंस में GPS नहीं था या सरकारी वाहनों के केवल सीमित हिस्से में ही GPS उपलब्ध था। सड़क दुर्घटनाओं जैसे मामलों में यह कमी ज्यादा गंभीर हो जाती है, क्योंकि वहां घटना से अस्पताल तक पहुंचने का समय सीधे मरीज की जान से जुड़ा होता है।
ब्लिंकइट का अपना दावा भी क्या बताता है?
करीब 8 महीने पहले ब्लिंकइट के CEO अलबिंदर ढिंडसा ने कंपनी की एम्बुलेंस सेवा के शुरुआती अनुभव साझा करते हुए बताया था कि ठीक एक साल पहले, हमने गुरुग्राम में एक साधारण मकसद के साथ ब्लिंकइट एम्बुलेंस सर्विस शुरू की थी। यह देखने के लिए कि क्या हम लोगों तक तेज़ी से इमरजेंसी मेडिकल मदद पहुंचा सकते हैं, जब हर मिनट कीमती होता है। टीम ने हजारों मामलों को संभाला। उस समय कंपनी ने बताया था कि 4,200 से ज्यादा मामलों को संभाला गया। इनमें 1,810 समय-संवेदनशील मेडिकल इमरजेंसी थे। 25 एम्बुलेंस के साथ सेवा चल रही थी। 87% मामलों में एम्बुलेंस 10 मिनट के भीतर पहुंची। 70 पैरामेडिक्स को ट्रेनिंग देकर तैनात किया गया था। बाद में कंपनी का नेटवर्क बढ़कर 63 एम्बुलेंस तक पहुंचा। लेकिन कंपनी ने खुद यह भी माना था कि आपातकालीन चिकित्सा सेवा में तेजी से विस्तार करना जोखिम भरा है और प्रशिक्षित पैरामेडिक्स की ट्रेनिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और लगातार समीक्षा जरूरी है। यानी निजी मॉडल भी केवल 'ऐप पर क्लिक और एम्बुलेंस पहुंच गई' तक सीमित नहीं है।
असली सवाल: 330 सरकारी एम्बुलेंस पर 63 ब्लिंकइट भारी?
सत्य निकेतन हादसे के बाद बहस और तेज हो गई है। सवाल उठने लगे हैं कि 'सरकार के पास 330 हैं और ब्लिंकइट के पास 63, फिर भी ब्लिंकइट पहले क्यों पहुंची?' क्या सरकारी 330 एम्बुलेंस जरूरत के हिसाब से पूरे दिल्ली में सही तरीके से तैनात हैं? क्या हर समय पर्याप्त संख्या में ALS एम्बुलेंस उपलब्ध रहती हैं? क्या प्रशिक्षित EMT हर वाहन में मौजूद हैं? क्या डिस्पैच सिस्टम रियल टाइम में सबसे नजदीकी उपलब्ध एम्बुलेंस भेजता है? क्या निजी एम्बुलेंस को भी किसी एकीकृत कमांड सिस्टम से जोड़ा जा सकता है?
सत्य निकेतन ने क्या सवाल छोड़े?
सत्य निकेतन में निजी और सरकारी दोनों एजेंसियां बचाव में शामिल थीं। इसलिए इस घटना को सरकारी व्यवस्था की पूरी विफलता कहना भी तथ्यों से आगे जाना होगा। लेकिन एक निजी, ऐप-आधारित एम्बुलेंस का शुरुआती बचाव में दिखाई देना यह जरूर बताता है कि भारत की इमरजेंसी मेडिकल व्यवस्था में स्पीड, कवरेज, डिस्पैच और मेडिकल क्षमता के बीच अभी भी बड़ा अंतर है। सरकार के पास संख्या है। निजी कंपनियां तकनीक और तेज डिस्पैच का मॉडल दिखा रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications
