Republic Day Security: पहली बार दिल्ली के आतंकी की फोटो वाले पोस्टर, AI कैमरों से लेकर स्नाइपर्स तक तैनात
Republic Day Security Delhi: 77वें गणतंत्र दिवस समारोह से पहले दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच गई है। खुफिया एजेंसियों से मिले कई आतंकी अलर्ट के बाद दिल्ली पुलिस ने कर्तव्य पथ और पूरे नई दिल्ली जिले में टेक्नोलॉजी आधारित बहुस्तरीय सुरक्षा प्लान लागू किया है। इस बार सुरक्षा इंतजामों में एक बड़ा और चौंकाने वाला बदलाव देखने को मिला है, जिसने लोगों का ध्यान खींचा है।
पहली बार आतंकी की तस्वीर वाले अलर्ट पोस्टर (Delhi Terror Alert Poster)
इस साल गणतंत्र दिवस के लिए जारी दिल्ली पुलिस के अलर्ट पोस्टरों में पहली बार दिल्ली के एक वांछित आतंकी की तस्वीर शामिल की गई है। यह आतंकी मोहम्मद रेहान है, जो अलकायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट से जुड़ा हुआ बताया गया है। पुलिस और खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, वह दिल्ली पुलिस का वांटेड आतंकवादी है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम लोगों को सतर्क करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के मकसद से उठाया गया है।

10 हजार जवान, कई परतों में सुरक्षा घेरा (Multi Layer Security Arrangement)
नई दिल्ली जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेश कुमार महला ने बताया कि कर्तव्य पथ क्षेत्र में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों का बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैनात किया गया है। करीब 10 हजार पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे। अब तक नौ बार मौके पर ब्रीफिंग और रिहर्सल की जा चुकी है, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस तय समय और तय स्थान पर होने वाला कार्यक्रम है, इसलिए मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल को पूरी सख्ती से लागू किया गया है।
CCTV और फेस रिकग्निशन से हर पल नजर (CCTV Surveillance and Facial Recognition System)
पूरे कर्तव्य पथ और आसपास के इलाकों को हाईटेक निगरानी सिस्टम से कवर किया गया है। लगभग एक हजार हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं, जिन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और फेसियल रिकग्निशन सिस्टम से जोड़ा गया है। कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारी कुलदीप यादव के मुताबिक, अगर किसी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति या चोरी के वाहन की पहचान होती है, तो सिस्टम तुरंत अलर्ट भेज देगा और मौके पर कार्रवाई की जाएगी।
एंटी-ड्रोन यूनिट और स्नाइपर तैनात (Anti Drone and Sniper Deployment)
सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए एंटी-ड्रोन यूनिट्स को भी तैनात किया गया है, ताकि आसमान से होने वाले किसी भी खतरे को समय रहते रोका जा सके। इसके अलावा ऊंची इमारतों पर स्नाइपर टीमों की तैनाती की गई है। होटल, गेस्ट हाउस, किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सघन सत्यापन अभियान भी पूरे जिले में चलाया जा रहा है।
तीन बार होगी पैदल यात्रियों की जांच (Pedestrian and Vehicle Checking)
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान पैदल आने वाले लोगों को कम से कम तीन बार डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से जांच से गुजरना होगा। चार जगहों पर सॉफ्ट चेकिंग की व्यवस्था की गई है। वाहनों की भी सख्त जांच होगी और इनर, मिडिल और आउटर कॉर्डन में बड़ी संख्या में पिकेट्स लगाए गए हैं। बॉर्डर पिकेट्स और जिला स्तर की चेकिंग भी पूरी तरह सक्रिय रहेगी।
मेट्रो, रूट और बैठने की नई व्यवस्था (Republic Day Metro Advisory)
इस साल समारोह में बैठने के लिए बनाए गए एन्क्लोजरों के नाम देश की नदियों पर रखे गए हैं। मेहमानों को मेट्रो स्टेशनों और रूट को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली मेट्रो की मदद से स्टेशनों पर लगातार घोषणाएं होंगी। डिजिटल पास के साथ आने वाले विशेष आमंत्रित मेहमानों को मुफ्त मेट्रो यात्रा की सुविधा भी मिलेगी।
क्या ले जाना मना है (Prohibited Items Republic Day)
सुरक्षा कारणों से बैग, ब्रीफकेस, खाने-पीने का सामान, मोबाइल फोन के अलावा अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, पावर बैंक, पानी की बोतल, हथियार, नुकीली चीजें, ज्वलनशील पदार्थ, छाते, इत्र, खिलौना हथियार या कोई भी विस्फोटक सामग्री ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को दें या 112 पर कॉल करें।
कुल मिलाकर इस बार गणतंत्र दिवस पर दिल्ली की सुरक्षा सिर्फ मजबूत नहीं, बल्कि पूरी तरह हाईटेक और अभेद्य दिखाई दे रही है, ताकि देश का यह सबसे बड़ा राष्ट्रीय आयोजन बिना किसी बाधा के सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।












Click it and Unblock the Notifications