Republic Day Parade 2026: दिल्ली मेट्रो 26 जनवरी को बताएगी परेड का रास्ता, क्यूआर कोड करेगा पार्किंग आसान
Republic Day Parade 2026: दिल्ली मेट्रो ने आगामी गणतंत्र दिवस की 26 जनवरी की परेड के लिए कई नई पहलें शुरू की हैं। इनमें स्टेशन घोषणाएं और क्यूआर कोड-आधारित पार्किंग प्रणाली शामिल है। अधिकारियों ने 18 जनवरी, रविवार को पीटीआई को बताया कि इन उपायों का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित समारोहों के दौरान लगभग 8,000 वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था को सुगम बनाना है।

क्यूआर कोड-आधारित पार्किंग प्रणाली वाहन से आने वाले दर्शकों के लिए है। पास धारक अपने पास पर छपे क्यूआर कोड को स्कैन कर सकेंगे। यह उन्हें 22 निर्धारित पार्किंग स्थलों में से एक, जो उनकी बैठने की जगह के सबसे नज़दीक होगा, तक वास्तविक समय में दिशा-निर्देश देगा। इससे वे अपने वाहन पार्क करके आसानी से सीटों तक पहुँच सकेंगे।
दिल्ली मेट्रों यात्रियों को कर्तव्य पथ का रास्ता बताएगी
इस वर्ष की गणतंत्र दिवस परेड के लिए सभी दर्शक दीर्घाओं का नाम नदियों के नाम पर रखा गया है। दिल्ली मेट्रो की घोषणाएं यात्रियों को कर्तव्य पथ के उत्तर या दक्षिण में स्थित उनकी दीर्घा के अनुसार विशिष्ट मेट्रो स्टेशन के लिए निर्देशित करेंगी।

दीर्घाओं के हिसाब से मेट्रो स्टेशन से उतरने का दिया गया है निर्देश
दक्षिणी हिस्से की दर्शक दीर्घाएं (व्यास, ब्रह्मपुत्र, चंबल, चिनाब, गंडक, गंगा, घाघरा, गोदावरी, सिंधु और झेलम) के दर्शकों को उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन पर उतरने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, उत्तरी हिस्से की दर्शक दीर्घाएं कावेरी, कोसी, कृष्णा, महानदी, नर्मदा, पेन्नार, पेरियार, रावी, सोन, सतलुज, तीस्ता, वैगई और यमुना के लिए सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन पर उतरने की सलाह दी गई है। इन दिशा-निर्देशों का पालन कर सभी दर्शक बिना परेशानी अपनी आवंटित सीटों तक पहुंच सकेंगे।
पैदल रास्तों को भी दीर्घाओं से जोड़ा गया है
अधिकारियों ने बताया कि पैदल रास्तों को भी नदी-नामित दर्शक दीर्घाओं के साथ जोड़ा गया है, ताकि आवाजाही सुगम हो और भीड़भाड़ कम रहे। गणतंत्र दिवस परेड के लिए प्रतिवर्ष लगभग 77,000 पास जारी होते हैं, जिनमें से 8,000 पास वाहनों से आने वाले दर्शकों के लिए होते हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "यह प्रणाली समारोहों के दौरान भ्रम को कम करने और वाहनों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से बनाई गई है।" दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे जहाँ तक संभव हो मेट्रो सेवाओं का उपयोग करें और कर्तव्य पथ तक सुगम पहुँच के लिए घोषणाओं तथा संकेतों का पालन करें।












Click it and Unblock the Notifications