Republic Day Traffic Advisory: गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन,जाने कब-कहां रहेगा प्रतिबंध
Republic Day Parade Traffic Advisory: गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियों के तहत दिल्ली पुलिस ने राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में अस्थायी ट्रैफिक प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। ये पाबंदियां 17, 19, 20 और 21 जनवरी को लागू रहेंगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, परेड की रिहर्सल को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए ये कदम उठाए गए हैं।
घर से निकलने से पहले आप दिल्ली पुलिस की ये एडवाइजरी एक बार जरूर देख लेनी चाहिए ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके। यहां आपको बता रहे हैं कि कौन-कौन से रास्ते बंद रहेंगे और क्या है इसका वैक्लिपक मार्ग...

Republic Day Parade Traffic Diversion: कहां और कब लागू होंगे ट्रैफिक प्रतिबंध?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल कर्तव्य पथ (Kartavya Path) पर आयोजित की जाएगी। यह रिहर्सल विजय चौक से लेकर इंडिया गेट और सी-हेक्सागन (C-Hexagon) तक चलेगी। इन चारों दिनों में सुबह 10:15 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे।
इस दौरान कर्तव्य पथ पर स्थित कई प्रमुख चौराहों को पूरी तरह बंद रखा जाएगा। इनमें रफी मार्ग, जनपथ, मानसिंह रोड और सी-हेक्सागन शामिल हैं। इसके अलावा विजय चौक से इंडिया गेट तक का पूरा मार्ग आम वाहनों के लिए बंद रहेगा, जिससे आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन और धीमी रफ्तार देखने को मिल सकती है।
घर से निकलने से पहले देखें वैकल्पिक रास्ते
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इन दिनों यात्रा की योजना पहले से बनाकर निकलें, अतिरिक्त समय लेकर चलें और ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करें। उत्तर और दक्षिण दिल्ली के बीच सफर करने वालों को रिंग रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इसके लिए यात्री सराय काले खान से होते हुए आईपी फ्लाईओवर के रास्ते राजघाट की ओर जा सकते हैं।
इसके अलावा लाजपत राय मार्ग होते हुए मथुरा रोड और भैरों रोड के जरिए भी रिंग रोड से जुड़ा जा सकता है। यात्री अरविंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग और कौटिल्य मार्ग का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यहां से वे सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट और बाबा खड़क सिंह मार्ग की ओर बढ़ सकते हैं।
ईस्ट-वेस्ट दिल्ली में यात्रा करने वालों के लिए रूट
पूर्व और पश्चिम दिल्ली के बीच सफर करने वाले वाहन चालक भैरों रोड और मथुरा रोड के जरिए रिंग रोड का प्रयोग कर सकते हैं। इसके बाद वे सुब्रमण्यम भारती मार्ग, राजेश पायलट मार्ग और पृथ्वीराज रोड की ओर जा सकते हैं।इसके अतिरिक्त सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, पंचशील मार्ग और अपर रिज रोड भी वैकल्पिक रास्तों के तौर पर सुझाए गए हैं। एक अन्य विकल्प के रूप में यात्री आईएसबीटी, चांदगी राम अखाड़ा और मॉल रोड के रास्ते आजादपुर की ओर भी जा सकते हैं।
मध्य और लुटियंस दिल्ली जाने वालों के लिए सलाह
दक्षिण दिल्ली से कनॉट प्लेस या सेंट्रल सेक्रेटेरिएट जाने वाले यात्री मदर टेरेसा क्रिसेंट से पार्क स्ट्रीट होते हुए मंदिर मार्ग या बाबा खड़क सिंह मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। विनय मार्ग या शांति पथ की ओर जाने वाले वाहनों को सरदार पटेल मार्ग और मदर टेरेसा क्रिसेंट, या पार्क स्ट्रीट के जरिए मंदिर मार्ग से जाने की सलाह दी गई है।
जनता से सहयोग की अपील
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ये ट्रैफिक प्रतिबंध पूरी तरह अस्थायी हैं और गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल को सुरक्षित और सुचारू रूप से कराने के लिए जरूरी हैं। पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि थोड़ी असुविधा देश के इस राष्ट्रीय पर्व की तैयारी का हिस्सा है।
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर जांच लें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके।












Click it and Unblock the Notifications