Republic Day 2026: CM रेखा गुप्ता ने तिरंगा फहराकर खोला 11 महीने का रिपोर्ट कार्ड, गिनाईं दिल्ली की उपलब्धियां
Republic Day 2026 (CM Rekha Gupta): गणतंत्र दिवस 2026 पर दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में एक अलग ही माहौल देखने को मिला। वजह थी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की पहली गणतंत्र दिवस सलामी। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला रिपब्लिक डे था, जब उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड की समीक्षा की और मंच से दिल्ली की जनता के सामने अपनी सरकार के 11 महीनों का रिपोर्ट कार्ड रखा।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को श्रद्धांजलि के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने तिरंगे की आन, बान और शान के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए, देश उन्हें कभी नहीं भूल सकता।

'संविधान भारत की आत्मा है'
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में संविधान को भारत की चेतना बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 77 वर्षों से संविधान न्याय, समानता और गरिमा का मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने डॉ भीमराव अंबेडकर और संविधान निर्माताओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि आज का भारत उन्हीं मजबूत नींवों पर खड़ा है। इस दौरान उन्होंने वंदे मातरम के 150 वर्ष और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने का भी उल्लेख किया।
11 महीने में बदली दिशा, सिस्टम की 'धूल' हटाने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उनकी सरकार ने 11 महीने पहले काम संभाला, तब सबसे बड़ी चुनौती सिस्टम में जमी धूल और अड़चनें थीं। उनके मुताबिक सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं, जिससे दिल्ली को नई दिशा मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि इसी सोच के साथ फैसले लिए गए।

Ayushman Bharat से लेकर हेल्थ सिस्टम तक बड़ा बदलाव
रेखा गुप्ता ने बताया कि उनकी सरकार के पहले ही दिन दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना लागू की गई। अब तक 6.5 लाख लोग इस योजना के तहत पंजीकरण करा चुके हैं, जिसमें 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिलता है। उन्होंने कहा कि 300 से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जा चुके हैं और दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों को डिजिटल किया जा रहा है। साथ ही 4,000 नए डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के पद सृजित किए गए हैं।
इलेक्ट्रिक बसों से बदलेगा दिल्ली का ट्रांसपोर्ट
इन्फ्रास्ट्रक्चर और ट्रांसपोर्ट को लेकर मुख्यमंत्री ने कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि 2025-26 में दिल्ली का कैपिटल एक्सपेंडिचर बढ़ाकर करीब 30,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है। अगले तीन साल में दिल्ली की सभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट बसें पूरी तरह इलेक्ट्रिक होंगी और 11,000 ई बसें शामिल की जाएंगी। सभी आईएसबीटी को नए सिरे से विकसित किया जाएगा और दिल्ली मेट्रो के लिए बजट बढ़ाकर 5,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
झुग्गी, गांव और गौशालाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि झुग्गी बस्तियों के विकास के लिए 700 करोड़ रुपये का फंड दिया गया है, जबकि गांवों के विकास पर 1,700 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। दिल्ली में 10 नई गौशालाएं बनाने की तैयारी है, जहां बायो गैस प्लांट और आधुनिक सुविधाएं होंगी। इसके साथ ही सभी सरकारी इमारतों पर सोलर प्लांट लगाए गए हैं ताकि दिल्ली को ग्रीन एनर्जी से जोड़ा जा सके।

महिलाओं, गिग वर्कर्स और शिक्षा पर खास जोर
रेखा गुप्ता ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर के लिए फ्री बस यात्रा को लेकर पिंक बस कार्ड योजना का जिक्र किया। गिग वर्कर्स को सामाजिक और स्वास्थ्य सुरक्षा देने के लिए गिग वर्कर वेलफेयर बोर्ड के गठन की जानकारी दी। शिक्षा क्षेत्र में 21 प्रतिशत बजट आवंटन, स्कूल फीस बढ़ोतरी पर रोक के लिए बिल और नरेला में 1,300 करोड़ रुपये का एजुकेशन हब विकसित करने की घोषणा भी की गई।
खेल, सुरक्षा और 'कोई भूखा न सोए' का संकल्प
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंडका में दिल्ली की पहली इंटरनेशनल स्टैंडर्ड्स वाली दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का काम शुरू हो चुका है। खिलाड़ियों को देश में सबसे ज्यादा इनाम देने की नीति अपनाई गई है। अटल कैंटीन में रोज 50,000 से ज्यादा लोग 5 रुपये में खाना खा रहे हैं, जिसे एक लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके अलावा 10,000 नए सीसीटीवी कैमरे, तिहाड़ जेल को दूसरी जगह शिफ्ट करने की योजना और दिल्ली को साफ, सुरक्षित व समृद्ध बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।
पहली गणतंत्र दिवस सलामी, बड़ा राजनीतिक संदेश
छत्रसाल स्टेडियम से रेखा गुप्ता का संदेश साफ था। यह सिर्फ तिरंगा फहराने का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए दिल्ली सरकार का रोडमैप भी था। पहली रिपब्लिक डे सलामी के साथ मुख्यमंत्री ने यह जताने की कोशिश की कि दिल्ली अब बदलाव के दौर में है।












Click it and Unblock the Notifications