'रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ' अभियान दिल्ली में आज से, प्रदूषण कंट्रोल करने के लिए जानें क्या है सरकार का प्लान
Delhi News: प्रदूषण से देश की राजधानी दिल्ली की आबोहवा बेहद खराब होती जा रही है। इस बीच प्रदूषण पर नियंत्रित करने के लिए दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने एक खास प्लान तैयार किया है। केजरीवाल सरकार ने दिल्ली की जनता को प्रदूषण से निजात दिलाने के लिए आज यानी 26 अक्टूबर से 'रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ' अभियान की शुरूआत करेगी।
इस अभियान की शुरूआत आईटीओ (ITO) चौराहे से होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह अभियान इस बार दिल्लीकी जनता की भागीदारी द्वारा चलाया जाएगा। इस अभियान के बारे में जानकारी देते हुए पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बताया कि 28 अक्टूबर को बाराखंभा और 30 अक्तूबर को चंदगीराम अखाड़ा चौराहे पर यह अभियान चलाया जाएगा।

इतना ही नहीं, उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 2 नवंबर को सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में यह अभियान चलाया जाएगा। तीन नवंबर को 2000 इको क्लबों के माध्यम से स्कूलों में बच्चों के बीच जागरूकता अभियान भी चलेगा। इस दौरान पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बताया कि हमने 'रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ' अभियान को 2020 में शुरू किया था।
खबर के मुताबिक, इसका आधार देश के अलग-अलग हिस्से में किए गए अध्ययन को बनाया गया। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत औद्योगिक अनुसंधान परिषद व केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिकों ने वर्ष 2019 में अध्ययन किया था। इसके मुताबिक रेडलाइट पर गाड़ियों के इंजन बंद न होने से नौ प्रतिशत अधिक प्रदूषण फैलता है।
गोपाल राय ने कहा कि सुबह लोग गाड़ी लेकर निकलते हैं तो शाम को घर पहुंचने तक 10 से 12 रेडलाइट से गुजरते हैं। इन चौराहों पर गाड़ी का इंजन चालू रखते हैं। इससे 25 से 30 मिनट बेकार में ही पेट्रोल-डीजल जलता है। अभियान का उद्देश्य यही है कि इस आदत को बदला जाए, ताकि लोग वाहनों के इंजन को रेडलाइट पर बंद कर दें।












Click it and Unblock the Notifications