'भगवान हमारी परीक्षा ले रहे हैं', बारिश में टेंट उखड़ने पर बोले जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवान
शनिवार को दिल्ली में हुई बारिश, जंतर मंतर में प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के लिए मुसीबत साबित हुई। तेज बारिश और तेज हवा के कारण उनके टेंट तक उखड़ गए। वहीं, पहलवानों ने अपनी परेशानी की वीडियो शेयर किया है।

दिल्ली में शनिवार को भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण जंतर मंतर में धरना प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों के कई तंबू उखड़ गए। तंबू उखड़ने और बारिश में हो रही परेशानियों को लेकर बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट ने वीडियो शेयर किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि भगवान हमारी परीक्षा ले रहे हैं।
बजरंग पुनिया ने वीडियो साझा करते हुए ट्वीट कर लिखा कि 'आज सुबह तेज आंधी और बारिश का सामना कुछ इस तरह करना पड़ा। कभी चिलचिलाती धूप और कभी ऐसी तेज बारिश तूफान से भगवान हमारी परीक्षा ले रहे हैं। चुनौतियां चाहे लाख आ जाएं, इंसाफ़ के लिए हम ऐसे ही डटे रहेंगे।'
वहीं, इससे पहले रेसलर विनेट फोगाट ने एक ऐसा ही वीडियो शेयर कर बदलते मौसम से हो रही परेशानियों को साझा करते हुए कहा कि बारिश और आंधी से आज हमारा टेंट उखड़ गया। गीले गद्दों पर सो रहे हैं आज रात। बचपन से कठिनाइयां देखी हैं, ये मुश्किल रात भी कट जाएगी। आप सभी को हम सब जंतर मंतर पर बैठे पहलवानों की तरफ से शुभरात्रि।
दिल्ली में शनिवार की सुबह तेज बारिश और हवाओं के कारण पेड़ उखड़ गए। इसके साथ ही हवाई यात्राएं भी प्रभावित हुईं। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए आंधी का पूर्वानुमान जारी किया गया था। आईएमडी ने ट्वीट कर कहा कि बादलों का एक समूह दिल्ली एनसीआर से गुजर रहा है। इस कारण हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान हैं। साथ ही ये मौसम दो दिनों तक रहेगा।
बता दें कि पहलवान जंतर मंतर पर भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications