तिहाड़ जेल में कैदियों का बवाल, छापेमारी के दौरान 20 कैदी ने खुद को किया घायल, मोबाइल और सुआ बरामद
Tihar Jail: दिल्ली की तिहाड़ जेल में कैदियों ने एक बार फिर बवाल काटा है। कैदियों के मोबाइल रखने की गुप्त सूचना पर अधिकारियों ने छापेमारी की। अधिकारियों का ध्यान भटकाने के लिए कैदियों ने खुद को घायल कर लिया। हालांकि, इसके बाद भी अधिकारियों ने एक कीपैड वाला मोबाइल फोन बरामद कर लिया।
जेल अधिकारी ने बताया कि तिहाड़ जेल के सीजे-8/9 के एक वार्ड में मोबाइल फोन के इस्तेमाल की गुप्त सूचना के आधार पर 21 जून की शाम 5:00 बजे से 5:50 बजे के बीच तलाशी ली गई। इसके बाद एक कीपैड फोन बरामद हुआ। मोबाइल फोन के साथ एक सुआ भी बरामद हुआ है।

छापेमारी के दौरान बैरक से छिपा हुआ मोबाइल फोन बरामद करने से जेल प्रशासन को रोकने और ध्यान भटकाने के लिए 20 कैदियों ने खुद को घायल कर लिया। एक कैदी ने छिपा हुआ मोबाइल फोन सफलतापूर्वक निकाल लिया और अपने परिवार के सदस्यों को फोन किया। उन्होंने पीसीआर-112 को कॉल किया और जेल कर्मचारियों द्वारा जेल के अंदर कैदियों की पिटाई का आरोप लगाया।
जेल अधिकारी ने बताया कि हंगामे के दौरान सीसीटीवी फुटेज से रात करीब 10:30 बजे छिपा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। इसका इस्तेमाल एक कैदी ने अपने परिवार के सदस्यों को फोन करने के लिए किया था। घटना की शिकायत हरि नगर पुलिस स्टेशन में कर दी गई है। दोषी कैदियों के खिलाफ दिल्ली जेल नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- तिहाड़ जेल गैंगवार का अड्डा! ताजपुरिया की हत्या के 27 दिन बाद फिर चाकूबाजी, दो गुट के कैदी जख्मी












Click it and Unblock the Notifications