'प्रधानमंत्री जी, झूठ फैलाने से फुरसत मिले तो', सिसोदिया का मोदी पर हमला
Manish Sisodia News: आप नेता मनीष सिसोदिया ने बांद्रा रेलवे स्टेशन की भगदड़ की घटना को लेकर निशाना साधा है। सिसोदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री जी, विपक्ष की राज्य सरकारों के बारे में झूठ फैलाने से फ़ुरसत मिले तो इस पर भी गौर कीजिएगा।
रेल मंत्रालय कितना लापरवाह है?
मनीष सिसोदिया ने रेलवे की अव्यवस्था को लेकर एक्स पर एक पोस्ट किया है। सिसोदिया ने लिखा-हर साल दिवाली और छठ पर लाखों लोग अपने घरों की ओर रुख करते हैं। बांद्रा की भगदड़ के भयानक दृश्य और अब गुजरात की घटनाएँ इस बात को उजागर करती हैं कि आपकी सरकार और आपका रेल मंत्रालय भीड़ प्रबंधन और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर कितना लापरवाह है। इसी के चलते आजकल जब लोग अपने घर त्योहार मनाने के लिए जाते हैं तो उन्हें डर लगता है कि घर सुरक्षित पहुँचेंगे भी या नहीं। रेलवे की दुर्दशा और लापरवाही ने उनके सफर को एक त्रासदी बना दिया है। भीड़, भगदड़ और हादसों के बीच आपके तमाम बड़े-बड़े दावे खोखले साबित हो रहे हैं।

'न्यू इंडिया' का सपना यही है
उन्होंने लिखा, त्योहारों पर हर्ष और उल्लास की जगह लोगों के हिस्से आ रही है दुश्वारी और असुविधा। क्या यही है 'न्यू इंडिया' का सपना? देश के नागरिकों की मूलभूत सुविधाएँ इस कदर अनदेखी की जाएंगी, तो कौन देगा इन सवालों का जवाब?"
विपक्ष की सरकारों को कोसने या उनके काम रोकते रहने से काम नहीं चलेगा। एक ठोस योजना की जरूरत है जो रेल यात्रियों के लिए बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर, समन्वय और सुरक्षा सुनिश्चित करे। हर जान कीमती है, और ऐसी अव्यवस्था आज के भारत में अस्वीकार्य है।














Click it and Unblock the Notifications