SHO ने लिए कूड़े में मिले 25 लाख रुपए के 500-1000 के नोट, होगा केस दर्ज
एक कूड़ा बीनने वाले को मिले थे लगभग 27 लाख रुपए के प्रतिबंधित नोट। एसएचओ पर आरोप है कि उसने रेड मारकर पैसे हड़प लिए।
दिल्ली। जहांगीरपुरी पुलिस स्टेशन के एसएचओ और उनके चार मातहत पुलिसवालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है। एक कूड़ा बीनने वाले को लगभग 27 लाख रुपए के प्रतिबंधित 500-1000 के नोट मिले थे। उसने कहा है कि एसएचओ ने उससे 25 लाख रुपए ले लिए।

कूड़े के ढेर में मिले थे 500-1000 के नोटों में लाखों रुपए
बताया जाता है कि 12 नवंबर को टीटू को पीतमपुरा में कूड़े के ढेर से लगभग 27 लाख रुपए मिले था। पुलिस ने बताया कि टीटू ने शराब पीने के दौरान अपने दोस्तों को यह बात बताई। एक दोस्त ने जहांगीरपुरी में पान दुकान चलाने वाली एक महिला से यह बात कह दी।
उस महिला ने बीट कॉन्स्टेबल को यह सूचना देकर दावा किया कि टीटू को एक करोड़ रुपए मिले हैं। बीट कॉन्स्टेबल ने जाकर एसएचओ को बताया और 15 नवंबर की रात में टीटू के घर पर छापेमारी की गई।
महिला ने दी थी पुलिस को सूचना
बाद में इसी महिला ने एसएचओ के खिलाफ दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके टीटू के घर पर छापेमारी कर 1 करोड़ रुपए हड़पने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने एसएचओ और मातहत पुलिसवालों के खिलाफ एंक्वायरी बिठाई थी।
पुलिस की जांच में पता चला है कि बीट कॉन्स्टेबल ने महिला को 10 परसेंट देने का वादा किया था क्योंकि उसने टीटू के घर में 1 करोड़ रुपए होने की सूचना दी थी। छापेमारी के बाद एसएचओ, टीटू को थाने में ले गए थे।
एसएचओ के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी
कूड़ा बीनने वाले टीटू ने पुलिस से बताया है कि एसएचओ और अन्य पुलिसवालों ने उससे 25 लाख रुपए ले लिए और 1.3 लाख रुपए देकर दिल्ली छोड़ देने को कहा। 18 नवंबर को टीटू पश्चिम बंगाल चला गया था। मामले के खुलासे के बाद पुलिस उसे वहां से हिरासत में लेकर दिल्ली ले आई।
ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस संजय सिंह ने बताया है कि टीटू के बयानों के आधार पर एसएचओ और अन्य आरोपी पुलिसवालों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications