दिल्ली में AAP का आरोप- AQI डेटा में हेरफेर करके, भाजपा सरकार दुनिया भर में भारत की छवि को नुकसान पहुंचा रही
दिल्ली में लगातार बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ मंगलवार को आम आदमी पार्टी (AAP) और बड़ी संख्या में दिल्लीवासियों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में BJP सरकार पर प्रदूषण नियंत्रण में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाया गया।

AQI आंकड़ों में हेराफेरी का आरोप
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि BJP सरकार से अब किसी को प्रदूषण कम करने की उम्मीद नहीं है, इसलिए कम से कम "फर्जीवाड़ा" तो बंद किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार AQI के आंकड़ों में हेरफेर कर रही है।
उनके मुताबिक, अमेरिकी दूतावास का AQI मॉनिटर जहां 400 दिखा रहा है, वहीं सरकारी मॉनिटर 300 दिखा रहा है।
प्रदूषण बढ़ते ही मॉनिटर बंद करने का दावा
AAP नेता ने आरोप लगाया कि जैसे ही प्रदूषण बढ़ता है, AQI मॉनिटरिंग स्टेशन बंद कर दिए जाते हैं या उन पर पानी छिड़क कर गलत डेटा दिखाया जाता है, जिससे देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को नुकसान हो रहा है।
यमुना सफाई और पर्यावरण पर BJP पर निशाना
सौरभ भारद्वाज ने यमुना सफाई को लेकर BJP सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि न तो यमुना साफ हुई और न ही सरकार अपने दावों पर खरी उतरी। उन्होंने कहा कि AAP ने कभी BJP से यमुना साफ करने को नहीं कहा था, सिर्फ इतना कहा था कि हालात और खराब न किए जाएं।
विधानसभा में प्रदूषण पर चर्चा से भाग रही सरकार
AAP प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि BJP सरकार प्रदूषण पर चर्चा से डरती है क्योंकि इससे उसकी पोल दुनिया के सामने खुल जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार 'फांसी घर' या पुराने CAG रिपोर्ट पर चर्चा को तैयार है, लेकिन प्रदूषण पर नहीं।
AAP विधायकों का निलंबन और विधानसभा पर सवाल
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि विधानसभा सत्र के पहले ही दिन चार AAP विधायकों-कुलदीप कुमार, संजीव झा और जरनैल सिंह समेत-को बिना चेतावनी तीन दिन के लिए बाहर कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चर्चा ही नहीं करनी थी तो सदन बुलाने की जरूरत क्या थी।
शिक्षा और स्कूल फीस बढ़ोतरी का मुद्दा
AAP नेता ने शिक्षा मंत्री आशीष सूद पर निशाना साधते हुए कहा कि BJP सरकार आने के बाद स्कूल फीस 20 से 80 प्रतिशत तक बढ़ गई, लेकिन मंत्री एक भी स्कूल की फीस कम नहीं करवा पाए।
JNU नारेबाजी और BJP के दावों पर संदेह
JNU से जुड़े नारों पर प्रतिक्रिया देते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस तरह के बयान गलत हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि BJP द्वारा पहले भी कई फर्जी वीडियो और आंकड़े सामने लाए गए, जिन पर अब जनता का भरोसा नहीं रहा।
नेता प्रतिपक्ष आतिशी का हमला
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि BJP सरकार ने दिल्लीवासियों का जीवन दूभर कर दिया है। प्रदूषण से बुजुर्गों की मौत हो रही है, बच्चे इनहेलर पर निर्भर हैं और अस्पताल मरीजों से भरे हैं।
मास्क पहनने पर रोक पर सवाल
आतिशी ने पूछा कि जब AQI 400-500 के बीच है और सांस लेना मुश्किल है, तो लोग मास्क क्यों न पहनें? उन्होंने आरोप लगाया कि मास्क पहनकर प्रदूषण पर चर्चा करने आए AAP विधायकों को इसी वजह से सदन से बाहर किया गया।
CAG रिपोर्ट और सदन में हंगामा
आतिशी ने कहा कि सदन में हंगामा BJP सदस्यों की वजह से हो रहा है। उन्होंने मांग की कि CAG रिपोर्ट पेश की जाए, लेकिन साथ ही प्रदूषण पर भी गंभीर चर्चा हो।
संजय झा बोले- जब सदन में नहीं, तो सड़कों पर सवाल पूछेंगे"
AAP मुख्य सचेतक संजीव झा ने कहा कि प्रदूषण से लोग मर रहे हैं, लेकिन विधानसभा में इस पर चर्चा तक नहीं हो रही। सवाल पूछने पर विधायकों को निलंबित कर दिया गया।
दिल्ली की सांसों का सवाल
संजय झा ने कहा कि आज विधानसभा के बाहर लोग सिर्फ एक सवाल पूछ रहे हैं-क्या दिल्लीवासियों की सांसों की कोई कीमत नहीं है? अगर सदन में जवाब नहीं मिलेंगे, तो जनता सड़कों पर सवाल पूछती रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications