5 रुपए देकर कोई भी इस्तेमाल कर सकेगा दक्षिण दिल्ली के रेस्टोरेंट और होटल के शौचालय
अगले महीने से कोई भी पांच रुपए देकर दक्षिणी दिल्ली के किसी होटल के शौचालय का इस्तेमाल कर सकेगा। इस फैसले से 4000 से ज्यादा शौचालय आम जनता के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के रेस्टोरेंट, होटल और ढाबों के शौचालयों को एक अप्रैल से सार्वजनिक शौचालयों की तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा। कोई भी पांच रुपए देकर किसी होटल के शौचालय का इस्तेमाल कर सकेगा। राजधानी में सार्वजनिक शौचालयों की भारी कमी को देखते हुए दक्षिण दिल्ली नगर निगम ने यह फैसला लिया है। इस फैसले से दक्षिणी दिल्ली के होटल और रेस्टोरेंट के 4000 से ज्यादा शौचालय आम जनता के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।

दक्षिण दिल्ली नगर निगम ने इस बाबत इस संबंध में होटल और रेस्तरां को निर्देश जारी कर दिए हैं। यह फैसला एक अप्रैल 2017 से लागू किया जाएगा। अभी तक किसी रेस्तरां और होटल के शौचालय सिर्फ ग्राहकों ही इस्तेमाल करते थे लेकिन इस आदेश के बाद 5 रुपए का शुल्क देकर कोई भी शख्स होटल के शौचालय को इस्तेमाल कर सकेगा। दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने भी दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के इस फैसले का स्वागत किया है, ट्वीट कर अनिल बैजल ने कहा कि रेस्तरां और होटलों के बाथरूम आम लोगों के लिए खोलना राहत भरा और स्वागत योग्य कदम है।
रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने जताया फैसले पर एतराज
दक्षिण दिल्ली नगर निगम के कमिश्नर पुनीत कुमार गोयल ने कहा कि इससे आम लोगों को शहर में शौचालयों की कमी के चलते होने वाली परेशानी कम होगी। गोयल ने कहा कि इस फैसले के पीछे महिलाओं को शौचालयों की कमी के चलते होने वाली दिक्कतों का ध्यान रखा गया है। हालांकि रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने निगम के इस कदम से नाराजगी जताई है। एसोसिएशन ने कहा है कि ये इस तरह से किसी होटल मालिक को बाध्य करना गलत है। एसोसिएशन के अध्यक्ष रियाज अलमानी ने कहा कि यह हमारे अधिकारों का उल्लंघन है और साथ ही इससे सुरक्षा को लेकर भी समस्याएं खड़ी होंगी।












Click it and Unblock the Notifications