दिल्ली में एक और व्यक्ति से 3 लाख रुपये की लूट, 4 दिन में बंदूक की नोक पर तीसरी डकैती
दिल्ली के कश्मीरी गेट पर दो लोगों ने बंदूक की नोक पर एक व्यक्ति से स्कूटी और तीन लाख रुपये लूट लिए।
देश की राजधानी दिल्ली में इन दिनों लूटपाट की घटनाएं काफी तेजी से सामने आ रही हैं। मंगलवार को दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में दो लोगों ने बंदूक की नोक पर एक व्यापारी से 3 लाख रुपये और उसकी दोपहिया गाड़ी लूट ली। बीते चार दिनों में ये तीसरी लूटपाट की घटना है।
पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार दोपहर करीब एक बजे की है, जब युधिष्ठिर सेतु फ्लाईओवर पर एक व्यक्ति फोन अटेंड करने के लिए रुका था। इसी दौरान दो लड़को ने बंदूक की नोक पर स्कूटी लेकर चले गए। इस स्कूटी में 3 लाख रुपये की नगदी रखी हुई थी।

दिल्ली पुलिस डकैती स्थल से CCTV फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। दोनों आरोपी स्कूटी से फरार होते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बता दें कि पिछले चार दिनों में दिल्ली में बंदूक की नोक पर ये तीसरी डकैती है। इससे पहले प्रगति मैदान में सुरंग के अंदर दिनदहाड़े एक डिलीवरी एजेंट और उसके सहयोगी से 2 लाख रुपये की लूट हुई थी। शनिवार को हुई ये घटना भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
वहीं, सोमवार रात हर्ष विहार में दुकान बंद कर रहे 70 वर्षीय दुकानदार से एक लाख रुपये की लूट हुई। लुटेरों ने बुजुर्ग से नगदी से भरा बैग छीनने की कोशिश की थी। लेकिन, उनके विरोध करने पर उन्होंने बुजुर्ग को धमकाने के लिए बंदूक निकाल ली और बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
दिल्ली में बढ़ते क्राइम ने एक ओर पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं चोरों के हौसले काफी बुलंद नजर आ रहे हैं। लगातार चोरी की घटनाएं जाहिर कर रही हैं कि अपराधियों के मन में कानून को लेकर डर कम हो गया है। वहीं, जनता इस तरह की वारदातों से आए दिन दो चार हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications