बेसमेंट में चल रही लाइब्रेरी की एक महीने पहले की थी शिकायत, दिल्ली नगर निगम ने नहीं लिया कोई एक्शन
Delhi RAU'S IAS Centre: आईएएस की तैयारी कर रहे तीन होनहार छात्रों की बेसमेंट लाइब्रेरी में मौत के बाद अब ये सवाल उठ रहा है कि क्या दिल्ली नगर निगम किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा था? ऐसा इसलिए क्योंकि एक महीने पहले 26 जून को RAU'S IAS कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में चल रही लाइब्रेरी की शिकायत की गई थी, लेकिन प्रशासन के कानों पर इसे लेकर जूं तक नहीं रेंगी।
27 जुलाई को बेसमेंट में पानी भरने के बाद तीन छात्रों की जान चली गई। इस हादसे के बाद अब दिल्ली नगर निगम की लापरवाही की पोल एक के बाद एक परत दर परत खुल रही है। बताया जा रहा है कि बेसमेंट में चल रही अवैध लाइब्रेरी को लेकर एक महीने पहले ही शिकायत की गई थी, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया, जिसका खामियाजा तीन जिंदगियों ने उठाया है।

ओल्ड राजेंद्र नगर की जिस लाइब्रेरी में पानी भरने से हादसा हुआ, उस कोचिंग इंस्टीट्यूट को लेकर बड़ा और नया खुलासे सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बेसमेंट में चल रही अवैध लाइब्रेरी को लेकर शिकायत की गई थी।
यूपीएससी की तैयारी कर रहे एक अभ्यर्थी किशोर ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में बनी अवैध लाइब्रेरी की शिकायत 26 जून को की थी।
लोक शिकायत निदेशक के जरिए उठाई थी आवाज
किशोर ने आगे बताया कि लोक शिकायत निदेशक के जरिए कोचिंग सेंटर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन प्रशासन ने कोई एक्शन नहीं लिया, अगर प्रशासन वक्त पर जाग जाता तो यह हादसा नहीं होता।
दिल्ली नगर निगम पर लगाया बड़ा आरोप
इसी के साथ छात्र किशोर ने बड़ा आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि इस मामले में सबसे ज्यादा लापरवाही दिल्ली नगर निगम की है, क्योंकि उसके अफपर यहां घूस लेते हैं।
यह तीन छात्र हुए लापरवाही का शिकार
बता दें कि इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में पानी भरने के बाद जान गंवाने वाले तीनों छात्रों की पहचान श्रेया यादव (यूपी), तान्या सोनी (तेलंगाना) और नेविन डालविन (केरल- एर्नाकुलम) के रहने वाले थे।












Click it and Unblock the Notifications