'न्यूज देखकर पता लगा', दिल्ली के कोचिंग में डूबने से गई जान, IAS की तैयारी कर रही श्रेया का सदमे में परिवार
Delhi Coaching Centre Incident: राजधानी दिल्ली का ओल्ड राजेंद्र नगर कोचिंग सेंटर का हब है। यहां लाखों युवा अपने सपनों को पूरा करने के लिए आते हैं। लेकिन एक हादसे ने सबको सन्न कर दिया। ओल्ड राजेंद्र नगर एरिया में एक कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से तीन छात्रों की मौत हो गई। जिसमें से एक यूपी के अंबेडकर नगर की छात्रा श्रेया यादव भी है।
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि RAU'S IAS स्टडी सेंटर के बेसमेंट में बनी लाइब्रेरी में अचानक पानी भरने की वजह से छात्र निकल नहीं पाए और उनकी जान चली गई। इस हादसे के बाद छात्रा श्रेया यादव के परिजनों ने कोचिंग मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

कोचिंग मालिक-को-ऑर्डिनेटर गिरफ्तार
इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने कोचिंग सेंटर मालिक अभिषेक गुप्ता और को-ऑर्डिनेटर देशपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं श्रेया यादव, जिसके रिश्तेदार उसे भविष्य के आईएएस के रूप में देख रहे थे, उनका सपना हमेशा-हमेशा के लिए टूट गया। परिवार श्रेया की मौत से गहरे सदमे में है।
टूट गया परिवार का सपना
इतना ही नहीं श्रेया यादव के चाचा धर्मेंद्र यादव ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बताया कि, "मुझे कोचिंग संस्थान या प्रशासन से आधिकारिक तौर पर कोई सूचना नहीं मिली। मैंने न्यूज देखकर वहां संपर्क किया, मैं मोर्चरी गया और उनसे पहचान के लिए चेहरा दिखाने को कहा लेकिन उन्होंने यह कहते हुए इनकार कर दिया कि यह पुलिस का मामला है। उन्होंने मुझे एक कागज दिखाया जिसमें उसका (श्रेया यादव) नाम लिखा था।"

'टीवी पर न्यूज देखकर पता लगा'
धर्मेंद्र यादव ने आगे कहा, "जब छात्रों के मृत होने की न्यूज आने लगी, तब मैंने उसे (श्रेया यादव) फोन किया लेकिन उसका फोन बंद आ रहा था। मैं उसके एडमिशन के समय उसके साथ था, मैंने कोचिंग संस्थान को फोन किया, लेकिन वो भी बंद था, संस्थान का दूसरा नंबर लगाया तब किसी ने उठाया तो उन्होंने कहा कि हां यहां पर बचाव अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि हम नाम नहीं बता सकते लेकिन दो मौतें हुई हैं, मेरी मांग है कि कोचिंग इंस्टीट्यूट के मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।''












Click it and Unblock the Notifications