कहां और कैसे की साहिल ने लिव-इन पार्टनर निक्की यादव की हत्या, जानिए 9 फरवरी की रात क्या-क्या हुआ?
22 वर्षीय निक्की यादव को उसके 24 वर्षीय लिव-इन पार्टनर साहिल गहलोत ने कथित तौर पर गला घोंट कर मारा डाला है। हत्या के बाद साहिल ने निक्की के शव को ढाबे के अंदर एक रेफ्रिजरेटर के अंदर भरकर रख दिया था।

Sahil Gehlot Nikki Yadav Case: दिल्ली के नजफगढ़ में हुए निक्की यादव हत्याकांड में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। एक के बाद एक हो रहे खुलासों के बीच यह बात सामने आई है कि 09 फरवरी की रात आरोपी साहिल गहलोत और पीड़िता निक्की यादव दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में हिमाचल प्रदेश का टिकट बुक कराने गए थे। न्यूज एजेंसी एएनआई के सूत्रों के मुताबिक आरोपी साहिल गहलोत ने खुलासा किया है कि 9 फरवरी की रात निक्की यादव उसके साथ था, दोनों कई घंटों तक घूमते रहे, जिसके बाद उसने 10 फरवरी की सुबह 8.30 से 9.00 बजे के बीच निगमबोध घाट के पास एक पार्किंग में उसकी हत्या कर दी।

व्हाट्सएप चैट भी किए डिलीट
सूत्रों के मुताबिक आरोपी साहिल गहलोत ने निक्की यादव के फोन से व्हाट्सएप चैट सहित सभी डेटा को डिलीट कर दिया था। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच उत्तम नगर-निजामुद्दीन-कश्मीरी गेट के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने उत्तम नगर में निक्की यादव के किराए के आवास के पास रहने वाले कुछ लोगों से पूछताछ भी की है।

9 और 10 फरवरी को क्या हुआ था?
सूत्रों के मुताबिक साहिल गहलोत 9 फरवरी की रात अपने उत्तम नगर स्थित आवास पर गए थे, जहां वह अपनी लिव-इन पार्टनर निक्की के साथ रहते थे। अपनी नेक्सन कार लेने के बजाय, उसने अपने भाई की कार चलाई, जिस पर गोवा का रजिस्ट्रेशन नंबर था। कपल ने पहले ही गोवा घूमने का प्लान बना लिया था, लेकिन साहिल के पास टिकट नहीं था। इसके बाद साहिल और निक्की दोनों टिकट की व्यवस्था करने के लिए उत्तम नगर से निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो गए। हालांकि, उन्हें दूसरा टिकट नहीं मिल सका।
इस जोड़े ने फिर गोवा की योजना को छोड़ दिया और बस से हिमाचल प्रदेश जाने का फैसला किया। इसके बाद दोनों हिमाचल का टिकट बुक करने के लिए कश्मीरी गेट पहुंचे। हालांकि, साहिल को उसके घर से फोन आया और उसने निक्की से कहा कि वह उसे घर छोड़ देगा और फिर नजफगढ़ में अपने माता-पिता के घर वापस चला जाएगा।

निक्की से शादी की बात छिपा रहा था साहिल
पुलिस के मुताबिक, साहिल ने जांच के दौरान पुलिस को बताया कि निक्की को 10 फरवरी को उसकी शादी के बारे में पता चल गया था, जिसे वो छिपा रहा था। दोनों के बीच शादी को लेकर एक बहस हुई, जिसमें साहिल ने कथित तौर पर अपनी कार में रखे डेटा केबल से निक्की का गला घोंट दिया। बाद में उसने उसके शरीर को अपने ढाबे के एक रेफ्रिजरेटर में फेंक दिया। अपराध में इस्तेमाल हुए कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
निक्की के शव को ठिकाने लगाने के बाद साहिल उसी दिन दूसरी महिला से शादी करने चला गया। निक्की की हत्या के 8-10 घंटे बाद साहिल की शादी हुई थी। पुलिस के मुताबिक शादी और फंक्शन के दौरान साहिल के हाव-भाव बिल्कुल सामान्य थे। उसने ऐसा व्यवहार किया जैसे कुछ हुआ ही न हो।












Click it and Unblock the Notifications