MCD में 'हनुमान चालीसा', 'जय श्रीराम', 'हर-हर महादेव'.....BJP पार्षदों ने क्यों किया ऐसा, देखिए Video
एमसीडी में मेयर का चुनाव हो जाने के बाद अब स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव को लेकर विवाद शुरू हो गया है। बीजेपी इसमें देरी करने का आरोप लगा रही है। इसके लिए पार्टी के पार्षदों ने सदन में हनुमान चालीसा का पाठ किया है।

एमसीडी में मेयर का चुनाव हारने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों के चुनाव में हो रही देरी को लेकर आवाजें बुलंद की हैं। दिल्ली नगर निगम के सिविक सेंटर में इसकी वजह से आज बहुत ही अलग नजारा दिखाई पड़ा। भाजपा के पार्षदों ने मंदिर की तरह वहां हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। जयश्री राम और हर-हर महादेव के नारे लगाए। गौरतलब है कि दिसंबर में हुए दिल्ली नगर निगम चुनाव के दो महीने से ज्यादा गुजर जाने के बाद बुधवार को मेयर का चुनाव संपन्न हो पाया है और आम आदमी पार्टी की शैली ओबेरॉय दिल्ली की महापौर निर्वाचित हुई हैं।
स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव की मांग को लेकर बीजेपी की नारेबाजी
मेयर चुनाव के लिए सुप्रीम कोर्ट की दखल के बाद आम आदमी पार्टी को भले सफलता मिल गई हो और शैली ओबेरॉय मेयर चुन ली गई हों, लेकिन स्टैंडिंग कमेटी में दबदबा हासिल करना पार्टी के लिए बहुत कठिन चुनौती होने वाली है। जबकि, दिक्कत ये है कि आम आदमी पार्टी को भी पता है कि मेयर का पद एक तरह से औपचारिक प्रमुख का ही होता है। असली कार्यकारी शक्तियां स्टैंडिंग कमेटी के पास होती है और निगम के वित्तीय संसाधनों पर उसका ही अधिकार होता है।
स्टैंडिंग कमेटी के 6 सदस्यों का होना है चुनाव
जबकि मेयर के पास सिर्फ सदन की विशेष बैठकें आयोजित करने, सदन का कोरम घोषित करने और जो सदस्य अपनी संपत्ति की घोषणा नहीं करते, उन्हें अयोग्य करने का ही अधिकार होता है। स्टैंडिंग कमेटी में 18 सदस्य होते हैं। इनमें से 6 सदस्य पार्षदों द्वारा चुने जाते हैं और बाकी 12 का चुनाव वार्ड कमेटियां करती हैं।
बीजेपी का आरोप है कि स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों के चुनाव में देरी की जा रही है और इसी के लिए उन्होंने हनुमान चालीसा, जय श्रीराम और हर-हर महादेव के नारे लगाकर विरोध जताने की कोशिश की है। स्टैंडिंग कमेटी के पास सिर्फ वित्तीय मंजूरी देने के ही अधिकार नहीं होते, बल्कि नीतियों का लागू करवाने, विभिन्न उप-समितियों की नियुक्तियों और इसके अधिकार क्षेत्र में आने वाले नियम बनाने की भी शक्तियां होती हैं।












Click it and Unblock the Notifications