'बहुत मेहनती और लोकप्रिय हैं', आतिशी कैबिनेट में रघुविंदर शौकीन की एंट्री पर बोले मनीष सिसोदिया
Raghuvinder Shokeen: आम आदमी पार्टी के कद्दावर नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री रहे कैलाश गहलोत द्वारा पार्टी और पद से इस्तीफा देने के बाद नांगलोई जाट सीट से विधायक रघुविंदर शौकीन आतिशी सरकार में बतौर कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे। आम आदमी पार्टी ने सोमवार को इसका ऐलान किया। शौकीन बाहरी दिल्ली से जाट नेता हैं। दरअसल, एक दिन पहले ही जाट नेता और परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
आप विधायक रघुविंदर शौकीन के कैबिनेट में शामिल होने को लेकर मनीष सिसोदिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, दिल्ली की आतिशी की सरकार में अरविंद केजरीवाल की टीम के बेहद ही मेहनती और नांगलोई विधानसभा के लोकप्रिय विधायक रघुविंदर शौकीन कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य करेंगें।

मणिपुर में आग लगी हुई है- मनीष सिसोदिया
वहीं, आप नेता मनीष सिसोदिया ने इस दौरान मणिपुर की हिंसा को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासन का मतलब ही हिंसा, लड़ाई-झगड़े और दंगा है। इनकी सभी सरकारों में ऐसा ही होता है। मणिपुर में आग लगी हुई है और राज्य फिर से पुराने दौर में चला गया है। BJP को सोचना चाहिए कि यह क्यों हुआ?
क्या बोले रघुविंदर शौकीन ?
आतिशी कैबिनेट में मौका दिए जाने को लेकर आप विधायक रघुविंदर शौकीन ने कहा, आम आदमी पार्टी सभी समाज को साथ लेकर चलती है। बीजेपी ने हमेशा ही जाट समाज के ख़िलाफ़ काम किया है। मैं अरविंद केजरीवाल का आभार व्यक्त करना चाहूंगा कि उन्होंने मुझे दिल्ली के लोगों की सेवा और विकास करने का मौक़ा दिया है। मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करूंगा।
बता दें कि रघुविंदर शौकीन पहले सिविल इंजीनियर भी रहे हैं। इससे पहले दो बार विधायक और दो बार काउंसलर भी रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में इन्होंने बहुत काम किया है और दिल्ली के ग्रामीण इलाकों में इनकी काफी अच्छी पकड़ मानी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications