कत्ल से पहले कार में शैलजा और मेजर हांडा के बीच क्या-क्या हुआ था, पढ़िए
दिल्ली। शैलजा द्विवेदी और मेजर निखिल हांडा के बीच नागालैंड के दीमापुर में ही रिश्ते गहरे हो चले थे। श्रीनगर में तैनात हांडा ने शैलजा से फेसबुक पर छह महीने बात करने के बाद उसके करीब आने के लिए दीमापुर ट्रांंसफर करा लिया था। शैलजा को पाने के मंसूबेे को पूरा करने के लिए उसने शैलजा के पति मेजर अमित द्विवेदी से दोस्ती की थी। शैलजा हांडा से वाट्सएप चैट और कॉलिंग के जरिए बात करती थी जिसको एक दिन पति अमित ने देख लिया था। इसके बाद अमित इस बात को लेकर शैलजा और हांडा दोनों से मिले थे। अमित ने शैलजा को चेतावनी भी दी थी जिसके बाद घर उजड़ने से बचाने के लिए वो हांडा से दूरी बनाने लगी थी। एक तरफ शैलजा हांडा से धीरे-धीरे दूर हो रही थी तो दूसरी तरफ बौखलाया हांडा दूरी मिटाने और अफेयर जारी रखने के लिए ब्लैकमेलिंग पर उतर आया था।

कार में हांडा ने शैलजा को किया ब्लैकमेल
दिल्ली के आरआर हॉस्पिटल से शैलजा को कार में बैठाकर हांडा वहां से निकला और बातचीत के दौरान अफेयर जारी रखने के लिए दबाव बनाने लगा। शैलजा इनकार करती रही और हांडा का गुस्सा बढ़ता चला गया। तभी कार में उसकी बीवी ने कॉल किया। हांडा ने फोन का स्पीकर ऑन कर बीवी से झगड़ा करना शुरू दिया और शैलजा को वह जानबूझकर सबकुछ सुना रहा था। अब हांडा ब्लैकमेल करने पर उतारू हो गया था। वह शैलजा को लेकर बीवी से फोन पर लड़ाई करता रहा। इसके बाद शैलजा से कहने लगा कि देखो मैं तुम्हारे लिए अपनी बीवी से लड़ रहा हूं। शैलजा नहीं मानी तो गुस्से में उसने शैलजा के बालों को पकड़कर कार में ही काबू में किया और उसका गला बेरहमी से रेत कर मार डाला। शैलजा से हाथापाई और मर्डर के दौरान कार में गिरे सबूत को मिटाने के लिए हांडा ने पूरी कार धुलवाई लेकिन फिर भी पुलिस को उसमें से शैलजा के खून और बाल मिल ही गए।
कत्ल के बाद किया महिला मित्र को फोन
हांडा ने शैलजा का काम तमाम करने के बाद महिला मित्र को फोन किया और मर्डर के बारे में उसको बताया। पटेल नगर में रहने वाली इस महिला मित्र को हांडा ने क्यों फोन किया, यह एक रहस्य है। हांडा आशिक मिजाज था और वह फेसबुक पर फेक प्रोफाइल आईडी बनाकर लड़कियों को फंसाता था। शैलजा भी उसके जाल में फंस गई और हांडा की दरिंदगी की शिकार हुई। कत्ल के बाद हांडा ने शैलजा की लाश को कार से कई बार रौंदा था ताकि जुर्म हादसा जैसा लगे। गिरफ्तारी के बाद हांडा ने पुलिस से कहा, वो मेरी नहीं हो रही थी इसलिए उसे मार दिया।












Click it and Unblock the Notifications