शाहरुख के बेटे आर्यन और मंंत्री के बेटे आशीष मिश्रा पर बोले कुमार विश्वास- पहले भी बने हैं कई सुल्तान
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी का हिस्सा रह चुके विख्यात कवि कुमार विश्वास अपने एक ट्वीट की वजह से सुर्खियों में आ गए हैं। कुमार विश्वास ने आर्यन खान और आशीष मिश्रा के मामले पर ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने कहा है कि, इन्हें बड़ा बनाएँगे तो आप और हम ही। कुमार विश्वास ने ट्वीट किया, "अपनी व्यक्ति व थोबड़ा-पूजक आदतों का ठीकरा व्यवस्था के सर पर फोड़ना बंद करिए। सबको पता है कि आने वाले वर्षों में आशीष मिश्रा बड़ा नेता बनेगा और आर्यन खान बड़ा अभिनेता। क्यूँकि इन्हें वोट देकर और इनके टिकट ख़रीदकर इन्हें बडा बनाएँगे, तो आप और हम ही।"

पहले भी बने हैं कई बाबा कई सुल्तान
कुमार विश्वास अपने ट्वीट में आर्यन खान और आशीष मिश्रा का जिक्र करते हुए लिखा कि, "पब्लिक ने पहले भी बनाए हैं कई बाबा कई सुल्तान!"
इसके बाद कुमार विश्वास ने एक और ट्वीट किया-
"लहर की प्यास पर पहरे बिठाए जाते हैं,
समंदरों की तलाशी कोई नहीं लेता...!"

कौन है आशीष मिश्रा?
आशीष मिश्रा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा का बेटा है। वह यूपी के लखीमपुर खीरी हिंसा केस में आरोपी है। उस पर आरोप हैं कि, उसने किसान प्रदर्शनकारियों को अपनी गाड़ी से रौंद दिया। उस रोज कई लोगों की जान गई थी। विपक्षी दलों ने उस घटना के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए सीबीआई जांच की मांग की। दवाब बढ़ने पर आशीष मिश्रा आज (शनिवार को) क्राइम ब्रांच के दफ्तर पहुंचा। इससे पहले आशीष मिश्रा को पुलिस ने पूछताछ के लिए सुबह 11 बजे बुलाया था। हालांकि, शुक्रवार को नोटिस के बावजूद आशीष मिश्रा पुलिस के सामने पेश नहीं हुए थे। राजनीति के जानकारों का कहना है कि, लखीमपुर खीरी हिंसा पर यूपी सरकार की स्टेटस रिपोर्ट से सुप्रीम कोर्ट संतुष्ट नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जताई थी। कोर्ट की ओर से कहा जा रहा था कि, हत्या के केस में पुलिस आरोपी से अलग व्यवहार क्यों कर रही है? अब सुप्रीम कोर्ट में केस की अगली सुनवाई 20 अक्टूबर को होगी।

कौन है आर्यन खान?
आर्यन खान बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान का बेटा है। उस पर ड्रग्स लेने के आरोप हैं। क्रूज ड्रग मामले में उसकी गिरफ्तारी हुई। उसे आर्थर रोड जेल भेज दिया गया। हालांकि, बहुत कोशिशों के बाद भी जमानत नहीं मिली है। उसकी और दो अन्य आरोपियों की याचिका मुंबई के अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट आरएम निरलेकर ने शुक्रवार को खारिज कर दी। उसे आर्थर रोड जेल ले जाया गया। जज ने आर्यन, उसके दोस्त अरबाज मर्चेंट और मॉडल मुनमुन धामेचा की याचिका 'सुनवाई के लायक नहीं' मानी। दक्षिण मुंबई की इसी किला कोर्ट ने गुरुवार को मामले के सभी 8 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा था।












Click it and Unblock the Notifications